Site icon Dainik Savera Times

Punjab News : कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने और एसीपी योजना बहाल करने की भी मांग

 

Punjab Employees to Gherao Aman Arora’s Residence on November 29 : मोगा। पंजाब में पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग को लेकर सरकारी कर्मचारियों का संघर्ष लगातार तेज होता जा रहा है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से वर्ष 2022 में सरकार बनने के बाद गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का ऐलान किया गया था, लेकिन करीब पांच साल बीतने के बावजूद यह घोषणा अभी तक जमीनी स्तर पर लागू नहीं हो सकी है। इस कारण कर्मचारियों और शिक्षकों में सरकार के प्रति भारी नाराजगी पाई जा रही है। इस संबंध में डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट (डीटीएफ) पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजयपाल शर्मा, जिला मोगा अध्यक्ष सुखपालजीत सिंह और कार्यकारी सचिव सुखविंदर सिंह घोलिया ने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से पुरानी पेंशन बहाल करने की घोषणा को अभी तक केवल कागजी ऐलान तक ही सीमित रखा गया है।

सरकार की ओर से इसे लागू करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि कर्मचारी पिछले कई वर्षों से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी आवाज सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने बताया कि पुरानी पेंशन बहाली संघर्ष कमेटी पंजाब की ओर से इस मांग को लेकर 29 नवंबर को आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा के सुनाम स्थित आवास का घेराव किया जाएगा। इस विरोध प्रदर्शन में डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट पंजाब के शिक्षक और कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शन के माध्यम से सरकार को चुनाव से पहले किए गए वादे की याद दिलाई जाएगी और पुरानी पेंशन योजना को तत्काल लागू करने की मांग उठाई जाएगी। जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरमीत सिंह झोरड़ा और उपाध्यक्ष स्वर्ण दास ने कहा कि सरकार ने पुरानी पेंशन बहाल करना तो दूर, कर्मचारियों की अन्य लंबित मांगों को भी लगातार नजरअंदाज किया है। उन्होंने कहा कि 17-17-20 और 15-1-15 से संबंधित पत्र रद्द करने, मानभत्ता आधारित कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी करने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, एसीपी (एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन) योजना बहाल करने तथा काटे गए भत्तों को दोबारा शुरू करने जैसी मांगें लंबे समय से लंबित हैं।

इन मांगों को लेकर कई बार आवाज उठाने के बावजूद सरकार की ओर से कोई सकारात्मक फैसला नहीं लिया गया। जिला वित्त सचिव गुरशरण सिंह और संयुक्त सचिव अमनदीप माछीके ने कहा कि आम आदमी पार्टी की मौजूदा सरकार कर्मचारियों के हितों की अनदेखी करने वाली सरकार साबित हुई है। उनके अनुसार, सरकार ने अब तक कर्मचारियों की किसी भी प्रमुख मांग को गंभीरता से पूरा नहीं किया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को उम्मीद थी कि नई सरकार बनने के बाद उनके मसले हल होंगे, लेकिन उनकी समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।

डीटीएफ पंजाब के नेताओं ने शिक्षकों और कर्मचारियों से अपील की कि विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने में अब लगभग एक महीना शेष है। इसलिए अपने अधिकारों की लड़ाई को मजबूत बनाने के लिए 29 नवंबर को सुनाम में होने वाले घेराव कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और पुरानी पेंशन बहाली की मांग को बुलंद करें। इस अवसर पर अमरदीप सिंह बुट्टर, जगजीत सिंह राणियां, अमनदीप सिंह मटवाणी, नरेंद्र सिंह, दीपक मित्तल, जगजीत सिंह समालसर, मोंटू वर्मा, नछत्तर सिंह, ममता कौशल सहित जिला कमेटी के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।

Exit mobile version