Last Updated: October 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब: किसानों ने ‘आप’ सरकार में मंत्रियों और विधायकों के घरों के बाहर किया विरोध प्रदर्शन

March 31, 2025

पंजाब: किसानों ने ‘आप’ सरकार में मंत्रियों और विधायकों के घरों के बाहर किया विरोध प्रदर्शन

चंडीगढ़/होशियारपुर: पंजाब में किसानों ने प्रदर्शनकारियों को शंभू और खनौरी सीमा से हटाने को लेकर की गयी पुलिस कार्रवाई के विरोध में सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) सरकार में मंत्रियों और पार्टी विधायकों के घरों के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा ने विरोध का आह्वान किया था।

चंडीगढ़ में 19 मार्च को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक के बाद लौट रहे कई किसान नेताओं को हिरासत में लिया गया था, जिसकी किसान संगठन निंदा कर रहे थे।

बैठक का आयोजन किसानों की मांगों, खासकर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी पर चर्चा के लिए किया गया था। जैसे ही किसान मोहाली में दाखिल हुए, उन्हें भारी अवरोधकों का सामना करना पड़ा और कई किसान नेताओं को हिरासत में ले लिया गया था।

पुलिस ने किसानों को वहां से जगह खाली करा दिया था और शंभू व खनौरी सीमा से अस्थायी ढांचों को हटा दिया था। शंभू-अंबाला और संगरूर-जींद राजमार्गों पर वाहनों का आवागमन फिर से शुरू हो गया है।

किसान मजदूर संघर्ष समिति की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सतनाम सिंह पन्नू ने सोमवार को कहा कि 17 जिलों में सात मंत्रियों और 21 विधायकों के घरों के बाहर विरोध प्रदर्शन किया गया।

किसान नेताओं ने भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार के साथ मिलीभगत कर शंभू और खनौरी सीमा से किसान प्रदर्शनकारियों को हटा रही है।

जालंधर में किसानों के एक समूह ने पंजाब पुलिस के अधिकारियों के साथ हाथापाई की और राज्य सरकार में मंत्री मोंिहदर भगत के आवास की ओर जाने के लिए अवरोधकों को जबरन पार करने की कोशिश की।

मोगा के धर्मकोट में ‘आप’ विधायक देविंदरजीत सिंह लड्डी ढोसे के आवास के बाहर बैठे प्रदर्शनकारी किसानों ने आरोप लगाया कि विधायक के एक सुरक्षा गार्ड ने उनके वाहन को विरोध स्थल से कथित तौर पर हटा दिया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि धर्मकोट से विधायक के सुरक्षा गार्ड ने उनका ‘माइक्रोफोन’ भी छीन लिया।

होशियारपुर में प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार में मंत्री डॉ. रवजोत सिंह, विधायक जसवीर सिंह राजा के घरों के बाहर और दसूया में ‘आप’ कार्यालय के सामने धरना दिया तथा हाल ही में की गयी पुलिस कार्रवाई पर अपना रोष व्यक्त किया। प्रदर्शनकारियों ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।

ये भी पढ़ें- आज का राशिफल: कन्या और धनु राशि वालों को करना पड़ सकता है मुश्किलों का सामना, जानें अन्य राशियों का हाल   

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें