Site icon Dainik Savera Times

पंजाब में बाढ़ का कहर: ब्यास दरिया ने डुबोए 7 जिले, करतारपुर साहिब गुरुद्वारा हुआ जलमग्न

चंडीगढ़: पंजाब में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। राज्य के सात जिलों में स्थिति गंभीर बनी हुई है और प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है। सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में गुरदासपुर, पठानकोट, तरनतारन, होशियारपुर, कपूरथला, फिरोजपुर और फाजिल्का शामिल हैं। इन जिलों के 250 से अधिक गांव पूरी तरह से जलमग्न हो चुके हैं। ब्यास और रावी नदियों के जलस्तर में जबरदस्त बढ़ोतरी देखी जा रही है।

करतारपुर साहिब गुरुद्वारा जलमग्न

सीमावर्ती क्षेत्र डेरा बाबा नानक में स्थित ऐतिहासिक श्री करतारपुर साहिब गुरुद्वारा परिसर में बाढ़ का पानी घुस गया है। रावी नदी के उफान के चलते कॉरिडोर के नीचे बना बांध टूट गया है, जिससे कॉरिडोर और आसपास के क्षेत्रों में पानी फैल गया। गुरुद्वारा प्रशासन के अनुसार, लंगर हाल, सरोवर और परिक्रमा क्षेत्र में 5 से 7 फीट तक पानी भर गया है। पाकिस्तान प्रशासन का कहना है कि भारत की ओर से छोड़े गए पानी के कारण यह स्थिति बनी है।

नवोदय विद्यालय में फंसे सैकड़ों छात्र

गुरदासपुर के डबुरी स्थित नवोदय विद्यालय में बाढ़ का पानी घुसने से शिक्षकों सहित लगभग 400 छात्र स्कूल परिसर में फंस गए हैं। प्रशासन द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और सभी को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिशें की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री करेंगे प्रभावित क्षेत्रों का दौरा

राज्य की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज गुरदासपुर और पठानकोट का दौरा करेंगे। उन्होंने घोषणा की है कि 30 अगस्त तक राज्य के सभी स्कूल बंद रहेंगे। इसके अलावा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।

पौंग डैम और ब्यास नदी में खतरे का निशान पार

हिमाचल प्रदेश स्थित पौंग डैम का जलस्तर खतरे के निशान 1390 फीट से ऊपर चला गया है। लगातार पानी छोड़े जाने से पंजाब के मैदानी इलाकों में बाढ़ ने विकराल रूप ले लिया है। कपूरथला और होशियारपुर जिले विशेष रूप से प्रभावित हुए हैं। टांडा और मुकेरियां क्षेत्रों के कई गांवों में पानी घुस गया है। हलेड़ जनार्दन और मेहताबपुर गांवों के पास धुस्सी बांध टूटने से करीब एक दर्जन गांव जलमग्न हो गए हैं।

टेंट में गुज़र रही है ज़िंदगी

टांडा के गांवों में लोग अपने घर छोड़कर सड़कों पर शरण लेने को मजबूर हैं। कई परिवार अपने मवेशियों और सामान के साथ टांडा-श्री हरगोबिंदपुर रोड पर टेंट और ट्रॉलियों में अस्थायी बसेरे बनाकर रह रहे हैं। प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है।

मौसम विभाग का रेड अलर्ट

मौसम विभाग चंडीगढ़ ने गुरदासपुर, पठानकोट, बरनाला, संगरूर और मनसा जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में आज भारी बारिश की संभावना जताई गई है। अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी दी गई है।

ये भी पढ़ें: PNG और LPG की लगातार सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए केंद्र का बड़ा निर्देश

Exit mobile version