Punjab Forecast Dense Fog : पंजाब के कई जिलों में इन दिनों कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। आपको बता दें कि राज्य के अधिकांश हिस्से देर रात से लेकर सुबह तक कोहरे की चादर में लिपटे हुए हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई है और सड़कों पर वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ रहा है।
पंजाब में घना कोहरा और ठंड का कहर
ठंड के साथ-साथ वायु प्रदूषण भी चिंता का कारण बना हुआ है। अमृतसर, बठिंडा और जालंधर जैसे प्रमुख शहरों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) खराब श्रेणी में दर्ज किया गया है। प्रदूषित हवा और ठंडी परिस्थितियों की वजह से बुजुर्गों, बच्चों और सांस से जुड़ी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
आने वाले दिनों में ठंड से राहत की कोई उम्मीद नहीं
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, आने वाले सात दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान सुबह और रात के समय घना कोहरा छाने की संभावना है। दिन के तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी के संकेत नहीं हैं। अधिकतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ी इलाकों में हाल ही में हुई बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों में महसूस किया जा रहा है। उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण ठंड और तेज हो सकती है। बारिश न होने की वजह से प्रदूषण के कण हवा में जमा हो रहे हैं, जिससे कोहरे की स्थिति और गंभीर बन रही है।
27 दिसंबर तक घने कोहरे का सिलसिला जारी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, पंजाब में 27 दिसंबर तक घने कोहरे का सिलसिला जारी रह सकता है। साथ ही हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी इसी अवधि के दौरान कोहरा छाए रहने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...