Indian Army : पिछले दिनों जम्मू-कश्मीर के पहलगाम हुए आतंकी घटना के जवाबी कार्रवाई में भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान में आतंकवादी संगठनों से जुड़े 9 ठिकानों पर मिसाइल हमले की आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब से तारीफ की और कहा कि 3 करोड़ पंजाबी समेत देश के सभी 140 करोड़ लोग भारतीय सेना पर गर्व महसूस कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी पंजाब के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार और सभी तीन करोड़ पंजाबी भारतीय सेना के साथ खड़े हैं। जब भी देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा पर कोई आंच आई है, पंजाबियों ने हमेशा बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आगे बढ़ कर अपनी जान कुर्बान की है।
इस बार भी हम पाकिस्तान को जवाब देने के लिए तैयार हैं। अरोड़ा ने कहा कि भारतीय सेना के हमले को लेकर पंजाब पुलिस का ‘सैकेंड लाइन ऑफ डिफैंस’ भी पूरी तरह तैयार है। राज्य की पुलिस फोर्स युद्ध में भारतीय सेना के साथ मिलकर हर पाकिस्तानी हमले का मुंहतोड़ जवाब देगी। अरोड़ा ने कहा कि पंजाब का 532 किलोमीटर का बॉर्डर पाकिस्तान के साथ लगता है। इसलिए किसी भी तरह के सैन्य तनाव के दौरान पंजाब सरकार की भूमिका भी बेहद अहम हो जाती है। इसके लिए बॉर्डर से सटे सभी जिलों को हाईअलर्ट पर रखा गया है और आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी तरह के पब्लिक इवैंट सरकार की तरफ से रद्द कर दिए गए हैं।

