चंडीगढ़: पंजाब सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों तक राशन किट पहुंचाने का अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। पंजाब सरकार के अनुसार, अब तक 25.03 लाख से अधिक राशन किट लाभार्थियों तक पहुंचाई जा चुकी हैं। इस योजना का लक्ष्य हर तीन महीने में राज्य के 40.48 लाख पात्र परिवारों को राशन किट उपलब्ध कराना है, ताकि खाद्य और पोषण सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
मिशन मोड में चल रहा है वितरण अभियान
पंजाब सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व और खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री लाल चंद कटारूचक्क की निगरानी में यह अभियान मिशन मोड में संचालित किया जा रहा है। संबंधित विभाग और जिला प्रशासन मिलकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि पात्र परिवारों तक समय पर राशन किट पहुंचे।
राशन किट में क्या-क्या मिलता है?
योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को एक विशेष राशन किट दी जाती है, जिसमें दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक खाद्य सामग्री शामिल की गई है। जिसमें 2 किलोग्राम दाल, 2 किलोग्राम चीनी, 1 किलोग्राम नमक, 200 ग्राम हल्दी पाउडर,1 लीटर सरसों का तेल शामिल किया जाता है। यह किट राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत मिलने वाले गेहूं के अतिरिक्त दी जा रही है, जिससे लाभार्थियों को अधिक संतुलित और पौष्टिक भोजन उपलब्ध हो सके।
मार्कफेड तैयार कर रहा है राशन किट
सरकार के अनुसार राशन किट तैयार करने की जिम्मेदारी मार्कफेड निभा रहा है, जबकि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग पूरे राज्य में इनके वितरण और निगरानी का कार्य कर रहा है। वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाए रखने के लिए लगातार मॉनिटरिंग भी की जा रही है।
इन जिलों में सबसे ज्यादा वितरित हुईं राशन किट
अब तक वितरित 25.03 लाख राशन किटों में लुधियाना सबसे आगे है, जहां 2,71,433 किट वितरित की गई हैं। इसके बाद पटियाला में 1,83,694, बठिंडा में 1,52,020, अमृतसर में 1,44,082, संगरूर में 1,42,444 और फाजिल्का में 1,39,759 राशन किट वितरित की गई हैं।
वहीं जालंधर में 1,34,960, श्री मुक्तसर साहिब में 1,30,362, तरनतारन में 1,28,228, होशियारपुर में 1,10,962, फिरोजपुर में 1,04,069, गुरदासपुर में 1,02,695, मानसा में 88,914, मोगा में 87,984, फतेहगढ़ साहिब में 80,305, एसएएस नगर (मोहाली) में 75,637, फरीदकोट में 71,896, कपूरथला में 71,785, पठानकोट में 70,037, बरनाला में 64,950, रूपनगर में 56,492, मलेरकोटला में 47,806 तथा शहीद भगत सिंह नगर में 42,737 राशन किट लाभार्थियों तक पहुंचाई गई हैं।
पोषण सुरक्षा को मजबूत करने पर सरकार का फोकस
पंजाब सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य केवल अनाज उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों तक दाल, खाद्य तेल और अन्य जरूरी खाद्य सामग्री पहुंचाकर पोषण स्तर में सुधार करना भी है। इससे पात्र परिवारों को संतुलित भोजन उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।
ये भी पढ़ें…
खाद्य सुरक्षा को मजबूत बनाने की पहल
पंजाब सरकार का कहना है कि ‘मेरी रसोई’ योजना राज्य में खाद्य सुरक्षा और पोषण दोनों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। एनएफएसए के तहत मिलने वाले गेहूं के साथ अतिरिक्त राशन किट उपलब्ध कराकर सरकार जरूरतमंद परिवारों की दैनिक खाद्य आवश्यकताओं को बेहतर तरीके से पूरा करने का प्रयास कर रही है।

