Punjab Government Gaushala Scheme: पंजाब सरकार ने राज्य की गोशालाओं और कैटल पौंड में रहने वाले पशुओं की देखभाल के लिए बड़ा कदम उठाया है। बता दें कि पंजाब सरकार ने चारे, दवाइयों और पशुओं के रखरखाव के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है।
इस फैसले से प्रदेश की लगभग 500 गोशालाओं और 20 कैटल पौंड को आर्थिक सहायता मिलने का रास्ता साफ हो गया है। सरकार की ओर से प्रति पशु 4,538 रुपये की सहायता देने की बात कही गई है।
500 गोशालाओं और 20 कैटल पौंड को मिलेगा फायदा
कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने इस फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि गोशालाओं का संचालन करने वाली संस्थाओं को लंबे समय से आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। पशुओं के लिए नियमित चारा, दवाइयां और दूसरी जरूरी सुविधाएं जुटाना उनके लिए चुनौती बना हुआ था।
इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए पंजाब सरकार ने 100 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। यह पैसा जिलों के माध्यम से संबंधित गोशालाओं तक पहुंचाया जाएगा, ताकि पशुओं की देखभाल में किसी तरह की कमी न रहे।
ग्रामीण गोशालाओं को भी मिलेगी सरकारी सहायता
अमन अरोड़ा के मुताबिक, इससे पहले सरकारी आर्थिक मदद का लाभ मुख्य रूप से शहरी क्षेत्रों की गोशालाओं को मिलता था। राज्य में 228 गोशालाएं सरकारी सहायता प्राप्त कर रही थीं, जबकि 278 गोशालाएं इस सुविधा से बाहर थीं।
शहरी इलाकों में नगर निकायों के जरिए गोशालाओं के रखरखाव के लिए फंड उपलब्ध कराया जाता था। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित गोशालाओं को ऐसी सहायता नहीं मिल पाती थी।
ये भी पढ़ें…
पशुओं की देखभाल और सुविधाओं में होगा सुधार
पंजाब सरकार का यह कदम गोशालाओं पर आर्थिक बोझ कम करने के साथ पशुओं को बेहतर खाना, उपचार और देखभाल उपलब्ध कराने में मददगार हो सकता है। खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों की गोशालाओं को इस योजना से राहत मिलने की उम्मीद है।

