Site icon Dainik Savera Times

गुरु रविदास जी के मानवता और समानता के संदेश को घर-घर पहुंचा रही पंजाब सरकार

अमृतसर: श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार की विशेष पहल के तहत लोगों तक गुरु जी के जीवन और विचारों का संदेश पहुंचाया जा रहा है। इसी कड़ी में एलईडी स्क्रीन से लैस वैनों के जरिए जिले के विभिन्न गांवों में श्री गुरु रविदास जी के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया जा रहा है।

डिप्टी कमिश्नर श्री राहुल ने जानकारी देते हुए बताया कि ये वैन प्रतिदिन चार गांवों में पहुंचकर लोगों को डॉक्यूमेंट्री दिखा रही हैं। अब तक जिले के 50 से अधिक गांवों में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत जिले के सभी गांवों को कवर करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग गुरु जी के संदेश से जुड़ सकें।

उन्होंने बताया कि हाल ही में डॉक्यूमेंट्री वैनें तरनतारन सब-डिवीजन के गांव माहना और मल्लियां तथा खडूर साहिब सब-डिवीजन के गोइंदवाल साहिब और खख गोइंदवाल पहुंचीं। इन गांवों में बड़ी संख्या में लोगों ने एलईडी स्क्रीन के माध्यम से फिल्म देखी और श्री गुरु रविदास जी के समानता, भक्ति, मानवता और आपसी भाईचारे के संदेश को समझा।

डॉक्यूमेंट्री में गुरु रविदास जी के जीवन संघर्ष, समाज सुधार के लिए उनके योगदान और मानव कल्याण से जुड़े उनके विचारों को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया गया है। इसमें सामाजिक समानता, सेवा भावना, मेहनत, सद्भावना और विश्व भाईचारे जैसे मूल्यों पर विशेष प्रकाश डाला गया है।

गांवों के लोगों ने पंजाब सरकार के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी पहलें नई पीढ़ी को महान संतों और गुरुओं की शिक्षाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि दृश्य माध्यमों के जरिए बच्चों और युवाओं तक गुरु रविदास जी के विचारों को पहुंचाना एक प्रभावशाली कदम है।

उल्लेखनीय है कि राज्य के विभिन्न गांवों में चलाई जा रही ये डॉक्यूमेंट्री वैन श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित साल भर चलने वाले कार्यक्रमों का हिस्सा हैं।

 

 

Exit mobile version