Site icon Dainik Savera Times

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का युवाओं को बड़ा तोहफा, 509 से अधिक आधुनिक ग्रामीण खेल मैदानों का उद्घाटन

पंजाब में ग्रामीण स्तर पर खेल सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बड़ा कदम उठाया है। पटियाला जिले के गांव देधना से मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने  राज्य के अलग-अलग जिलों में तैयार किए गए 509 से अधिक आधुनिक ग्रामीण खेल मैदानों का उद्घाटन किया। इसके साथ ही अब तक युवाओं को समर्पित किए जा चुके ग्रामीण खेल मैदानों की संख्या 734 हो गई है। पंजाब सरकार के अनुसार इन मैदानों का उद्देश्य गांवों के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उन्हें नशे से दूर रखकर खेलों की ओर आकर्षित करना है।

3,100 ग्रामीण खेल मैदान बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार राज्यभर में कुल 3,100 आधुनिक ग्रामीण खेल मैदान विकसित कर रही है। इस योजना पर करीब 1,500 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 255 खेल मैदान युवाओं को समर्पित किए जा चुके हैं, जबकि दूसरे चरण में 509 नए मैदानों का उद्घाटन किया है।

दूसरे चरण में लुधियाना के 43, मानसा के 41, संगरूर के 36, बठिंडा और पटियाला के 34-34, श्री मुक्तसर साहिब के 33 और अमृतसर के 32 गांवों सहित अन्य जिलों में भी खेल मैदान उपलब्ध करवाए गए हैं।

फुटबॉल, क्रिकेट और वॉलीबॉल की सुविधाएं

ग्रामीण खेल मैदानों को स्थानीय जरूरतों और लोकप्रिय खेलों को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है। यहां फुटबॉल, क्रिकेट, वॉलीबॉल सहित अन्य खेलों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मैदानों में फुटबॉल गोलपोस्ट, वॉलीबॉल पोल, बच्चों के लिए झूले और अन्य खेल उपकरण लगाए हैं। जिन गांवों में क्रिकेट अधिक लोकप्रिय है, वहां क्रिकेट किट सहित अन्य जरूरी खेल सामग्री उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की गई है।

रात में भी खेल सकेंगे युवा

इन खेल मैदानों में केवल दिन के समय ही नहीं, बल्कि शाम और रात में भी खेल गतिविधियां संचालित करने की सुविधा विकसित की गई है। पंजाब सरकार के अनुसार, मैदानों में हाई-मास्ट लाइटें, फुटलाइट वाले वॉकिंग ट्रैक और मजबूत जालियों की बाड़ जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। इसके अलावा मैदानों के आसपास पौधे लगाकर हरित वातावरण तैयार करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान से जोड़ा खेलों को

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि ग्रामीण खेल मैदान युवाओं को नशे से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। पंजाब सरकार इन सुविधाओं के जरिए युवाओं के बीच ‘नशों से दूर रहने और खेलों से जुड़ने’ का संदेश पहुंचाने पर जोर दे रही है।

गांवों में 6,000 जिम बनाने की भी योजना

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया कि पंजाब सरकार गांवों में 6,000 ग्रामीण जिम स्थापित करने की दिशा में भी काम कर रही है। इनमें से 500 जिम का उद्घाटन पहले ही किया जा चुका है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार ने 2026 को खेलों और खिलाड़ियों के लिए समर्पित वर्ष के तौर पर आगे बढ़ाया है। राज्य में इस साल खेलों के लिए 1,744 करोड़ रुपये का बजट रखा है। पंजाब सरकार के अनुसार, वर्ष 2022 से अब तक 40,415 खिलाड़ियों को 135 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जा चुकी है।

खिलाड़ियों की तैयारी के लिए आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं की तैयारी को लेकर वित्तीय सहायता का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार, ओलंपिक की तैयारी के लिए खिलाड़ियों को 15 लाख रुपये, जबकि एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी के लिए 8 लाख रुपये तक की सहायता दी जा रही है।

इसके अलावा 85 खिलाड़ियों को महाराजा रणजीत सिंह पुरस्कार से सम्मानित किए जाने और राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पंजाब का नाम रोशन करने वाले 11 खिलाड़ियों को पीसीएस/डीएसपी अधिकारी नियुक्त किए जाने की जानकारी भी दी गई।

जालंधर-मोहाली में हॉकी और क्रिकेट के आयोजन

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया कि पंजाब पहली बार हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी कर रहा है। इसके मुकाबले अक्टूबर-नवंबर के दौरान जालंधर और मोहाली में आयोजित किए जाने हैं। इसके अलावा पंजाब में आईपीएल की तर्ज पर टी-20 क्रिकेट लीग के आयोजन की भी जानकारी दी गई।

 

Exit mobile version