नीट-यूजी पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को बड़ी राहत देते हुए पंजाब की मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान सरकार ने अहम घोषणा की है। 21 जून को होने वाली पुनर्परीक्षा के लिए राज्य के सभी अभ्यर्थी अब पंजाब रोडवेज की बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगे। शिक्षा और युवाओं के भविष्य को प्राथमिकता देने के अपने संकल्प को दोहराते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने यह फैसला लिया है, ताकि किसी भी छात्र को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में आर्थिक या परिवहन संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े। सरकार के इस कदम को छात्रों और अभिभावकों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नीट के लिए बसें फ्री करने के बाद अन्य प्रदेशों से भी इसी तरह की घोषणाएं की गईं। ये घोषणा करने वालों में हरियाणा सरकार के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अहम हैं। यहां ये बताना लाजिमी होगा कि बेशक अन्य प्रदेशों ने परीक्षा के लिए बसें फ्री कर दी हों, लेकिन इसमें भी पंजाब आगे रहा है।
यहां ये भी बता दें कि अन्य प्रदेशों में ये बसें दो दिन फ्री रहेंगी। जबकि पंजाब में ये सेवा तीन दिन तक चलेंगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री का कहना था कि बसें फ्री करना एक बात है। इन बसों से अच्छी सर्विस देना अलग बात है। उन्होंने कहा कि जनता की इस तरह की सेवा को दिनों में नहीं बांटा जा सकता।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि कई गरीब छात्र भी नीट-यूजी की परीक्षा देते हैं और उनके पास परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए किराया देने के भी पैसे नहीं होते। हाल ही में अरविंद केजरीवाल ने नीट छात्रों से बात की थी, जिसमें विद्यार्थियों ने सहायता की मांग की थी। भगवंत मान ने आगे कि इसी के मद्देनजर पंजाब सरकार ने फैसला किया है कि 20, 21 और 22 जून को नीट परीक्षा देने वाले सभी छात्रों से पंजाब रोडवेज बसों में किराया नहीं लिया जाएगा।
छात्र अपना प्रवेश-पत्र दिखाकर मुफ्त सफर कर सकेंगे। जानकारी के लिए बता दें 3 मई को नीट की परीक्षा आयोजित की गई थी, लेकिन परीक्षा प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोपों के बाद कैंसल कर दी गई थी और अब इसे फिर से आयोजित करने का फैसला किया गया है।

