Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

अनाथ और जरूरतमंद बच्चों के लिए पंजाब सरकार का बड़ा कदम, 181.23 करोड़ रुपये जारी

September 2, 2026

अनाथ और जरूरतमंद बच्चों के लिए पंजाब सरकार का बड़ा कदम, 181.23 करोड़ रुपये जारी

अमृतसर: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसी प्रतिबद्धता के तहत आश्रित एवं अनाथ बच्चों को सुरक्षित बचपन, बेहतर शिक्षा और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने के लिए सरकार द्वारा लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। यह जानकारी अमृतसर पश्चिम से विधायक डॉ. जसबीर सिंह ने दी।

विधायक डॉ. जसबीर सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान आश्रित एवं अनाथ बच्चों के लिए चलाई जा रही योजना हेतु पंजाब सरकार ने 432.38 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है। इसमें से अब तक 181.23 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं, ताकि जरूरतमंद बच्चों को बिना किसी रुकावट के समय पर वित्तीय सहायता मिलती रहे और उनका भविष्य और अधिक सुरक्षित बनाया जा सके।

उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत राज्य के करीब 2.45 लाख आश्रित एवं अनाथ बच्चों को नियमित वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। यह सहायता उनकी शिक्षा, दैनिक जरूरतों और बेहतर भविष्य के लिए मजबूत आधार तैयार कर रही है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।

डॉ. जसबीर सिंह ने कहा कि आश्रित एवं अनाथ बच्चे केवल सरकारी आंकड़े नहीं हैं, बल्कि वे हमारे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी हैं। उन्होंने कहा कि मान सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि कोई भी बच्चा गरीबी, मजबूरी, उपेक्षा या माता-पिता के सहारे से वंचित होने के कारण अपनी शिक्षा अथवा अपने सपनों से समझौता न करे।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षा, समान अवसर और सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अधिकार है। पंजाब सरकार द्वारा जरूरतमंद बच्चों को प्रदान की जा रही वित्तीय सहायता इसी सामाजिक जिम्मेदारी को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विधायक ने बताया कि इस योजना का लाभ 21 वर्ष से कम आयु के उन बच्चों को मिल सकता है, जिनके माता-पिता दोनों नहीं रहे, या दोनों घर से अनुपस्थित हैं, अथवा शारीरिक या मानसिक रूप से असमर्थ होने के कारण परिवार की देखभाल करने में सक्षम नहीं हैं।

डॉ. जसबीर सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार एक संवेदनशील और समावेशी कल्याण मॉडल तैयार कर रही है, जिसमें प्रत्येक जरूरतमंद बच्चे को अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिले। उन्होंने कहा कि आज बच्चों के भविष्य में किया जा रहा यह निवेश कल मजबूत परिवारों, सशक्त समाज और खुशहाल ‘रंगला पंजाब’ की मजबूत नींव साबित होगा। अंत में विधायक डॉ. जसबीर सिंह ने कहा कि मान सरकार की यह पहल केवल वित्तीय सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित बचपन, सम्मानजनक जीवन और समान अवसर प्रदान करने के सरकार के दृढ़ संकल्प का प्रतीक है।

📍 Location: Amritsar (Amritsar)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें