Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब सरकार VVIP मूवमैंट के लिए हायर करेगी 8-10 सीटर जैट एयर क्राफ्ट

September 13, 2023

पंजाब सरकार VVIP मूवमैंट के लिए हायर करेगी 8-10 सीटर जैट एयर क्राफ्ट

लुधियाना : पंजाब सरकार वीवीआईपी मूवमैंट के लिए एक अत्याधुनिक 8 से 10 सीटर फिक्स्ड विंग्स जैट एयर क्राफ्ट हायर कर रही है। सिविल एविएशन डिपार्टमेंट पंजाब ने 8 से 10 सीटर एयर क्राफ्ट को लीज पर लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सिविल एविएशन डिपार्टमैंट ने बाकायदा एयर क्राफ्ट को लीज पर लेने के लिए टैंडर जारी कर दिया है। इसी महीने टैंडर प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और उसके बाद जल्दी ही पंजाब सरकार को 8 से 10 सीटर जैट एयर क्राफ्ट मिल जाएगा। सरकार इसे छह महीने के लिए के लिए लीज पर लेगी। सिविल एविएशन डिपार्टमैंट की तरफ से जारी टैंडर के मुताबिक जैट एयर क्राफ्ट को प्रति माह 40 घंटे की उड़ान भरनी होगी। अगर किसी महीने में 40 घंटे पूरे नहीं होते तो उसे अगले महीने कैरीफारवर्ड कर दिया जाएगा यानि कि छह माह में कम से कम 240 घंटे की उड़ान भरनी होगी। इसके लिए पंजाब सरकार संबंधित जैट एयर क्राफ्ट मुहैया करवाने वाली कंपनी को 12.50 करोड़ रुपए देगी। अगर प्रति घंटा उड़ान खर्च देखा जाए तो यह 5.20 लाख रुपए के करीब होगा। इसमें एयर क्राफ्ट को संचालित करने वाले पायलट व अन्य स्टाफ का वेतन शामिल नहीं होगा। सुरक्षा के लिहाज से यह एयर क्राफ्ट बेहद खास होगा। इसमें फिक्स विंग्स के साथ-साथ डबल इंजन होगा। एयर क्राफ्ट में 8 से 10 सीटें सिर्फ यात्रा करने वालों के लिए होंगी, जबकि पायलट व क्रू मैंबर्स की सीटें अतिरिक्त होंगी। सरकार ने टैंडर में ही स्पष्ट किया है कि जैट एयर क्राफ्ट 20 साल से ज्यादा पुराना नहीं होना चाहिए। इसमें कैबिन एयरकंडीशनर होने चाहिएं। एयर क्राफ्ट को लीज पर लेने के लिए जारी किए गए टैंडर की प्रक्रिया 19 सितंबर को पूरी हो जाएगी। 19 सितंबर को सरकार टैक्निकल बिड खोलेगी और उसके बाद फाइनल बिड करके एयर क्राफ्ट को हायर कर देगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें