Site icon Dainik Savera Times

पंजाब सरकार की तीर्थ यात्रा योजना का विस्तार, 15 बसों में बुजुर्ग श्रद्धालु खाटू श्याम, सालासर और वृंदावन के किए दर्शन

Chief Minister's Pilgrimage Scheme

Chief Minister's Pilgrimage Scheme

पंजाब सरकार ने ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ का विस्तार करते हुए श्रद्धालुओं के लिए कई नए धार्मिक स्थलों को यात्रा कार्यक्रम में शामिल किया है। होशियारपुर से 15 एसी स्लीपर बसों को श्री खाटू श्याम-सालासर बालाजी, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन धाम के लिए रवाना किया गया। इन बसों को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने हरी झंडी दिखाई।

श्रद्धालुओं के लिए यात्रा, भोजन और ठहरने की व्यवस्था मुफ्त

पंजाब सरकार के मुताबिक इस योजना के तहत 50 वर्ष या उससे अधिक उम्र के श्रद्धालु यात्रा कर सकते हैं। एक परिवार से अधिकतम दो सदस्य इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। यात्रा के दौरान एसी स्लीपर बस, ठहरने, भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पंजाब सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जाएंगी।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रत्येक बस में एक अटेंडेंट तैनात रहेगा। इसके अलावा यात्रा के दौरान चिकित्सा सुविधाओं का भी इंतजाम किया गया है।

पांच जिलों से रवाना हुईं 15 बसें

होशियारपुर से रवाना हुई बसों में पांच जिलों के श्रद्धालु शामिल हैं। योजना के तहत: 10 बसें होशियारपुर, गुरदासपुर, पठानकोट, जालंधर और कपूरथला से हरिद्वार-ऋषिकेश जाएंगी। 2 बसें फगवाड़ा और गुरदासपुर से मथुरा-वृंदावन के लिए रवाना हुईं। 3 बसें जालंधर और गुरदासपुर से श्री खाटू श्याम-सालासर के लिए गईं। इस दौरान नेताओं ने बसों में जाकर श्रद्धालुओं से बातचीत की और यात्रा के लिए किए गए इंतजामों का जायजा लिया।

श्रद्धालुओं के लिए मेडिकल इंश्योरेंस का भी प्रावधान

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के अनुसार, यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए चिकित्सा बीमा की व्यवस्था भी की जाएगी। किसी आपात स्थिति में सूचीबद्ध अस्पतालों में उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रावधान है।

यात्रा को सुचारू बनाने के लिए प्रत्येक बस में अटेंडेंट और अलग-अलग स्थानों पर विशेष टीमों की तैनाती की गई है। यात्रा पूरी होने के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद के साथ यादगार के तौर पर पीतल का गिलास भी दिए जाने की बात कही गई है।

पहले चरण में 4 लाख श्रद्धालु कर चुके हैं धार्मिक स्थलों के दर्शन

पंजाब सरकार के अनुसार, ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के पहले चरण में अब तक करीब 4 लाख श्रद्धालु श्री अमृतसर साहिब और श्री आनंदपुर साहिब-नैना देवी जैसे धार्मिक स्थलों के दर्शन कर चुके हैं।

पंजाब सरकार के मुताबिक इस योजना के तहत अब तक करीब ₹148 करोड़ खर्च किए जा चुके हैं और कुल 10 लाख श्रद्धालुओं को विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा कराने का लक्ष्य रखा गया है।

आने वाले महीनों में 1.5 लाख लोगों को यात्रा कराने का दावा

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भी श्रद्धालुओं को यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योजना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों की धार्मिक स्थलों के दर्शन की इच्छा को पूरा करना है। उनके अनुसार विभिन्न धर्मों के धार्मिक स्थल इंसानियत और भाईचारे का संदेश देते हैं।

Exit mobile version