Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

जालंधर नगर निगम की अवैध निर्माण के खिलाफ Action: वड़िंग जंजघर के पास बिल्डिंग ब्रांच ने गिराए अवैध निर्माण, लोगों ने किया हंगामा

August 3, 2024

जालंधर नगर निगम की अवैध निर्माण के खिलाफ Action: वड़िंग जंजघर के पास बिल्डिंग ब्रांच ने गिराए अवैध निर्माण, लोगों ने किया हंगामा

जालंधर। शहर में  अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। पिछली रात निगम ने शहरी क्षेत्र में आते वड़िंग जंजघर के पास अवैध तरीके से बनाई गई कालोनी पर मशीन चला दी। अवैध कालोनी काटने के बाद इसमें प्लाट बेच दिए गए थे और लोगों ने अपने घरों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया था। निगम की बिल्डिंग ब्रांच के अधिकारियों और कर्मचारियों ने जब रात करीब साढ़े 9 बजे 3 एकड़ में बनी इस कालोनी पर डिच मशीनें और जेसीबी लाकर कार्रवाई शुरू की तो वहां पर लोगों ने हंगामा भी किया।

लोगों ने कालोनी में इकट्ठे होकर वहां पर निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों को डिमोलिशन की कार्रवाई करने से रोकने की कोशिश भी की। लेकिन निगम की टीम भी अवैध निर्माण गिराने के लिए पुलिस का लाव-लश्कर लेकर मौके पर पहुंची थी। लोगों ने मौके पर नगर निगम और सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।

मौके पर कार्रवाई करने पहुंचे निगम के एटीपी सुखदेव वशिष्ठ ने बताया कि अवैध कॉलोनी में निर्माण को लेकर पहले नोटिस भी जारी किया गया था और निर्माण कार्य रोक कर कॉलोनी को अप्रूव करवाने के लिए कहा गया था। लेकिन बिना कॉलोनी अप्रूव करवाए निर्माण कार्य जारी था जिस पर निगम कमिश्नर के आदेश पर डिमोलिशन की कार्रवाई की गई है।

निगम के अधिकारियों ने लोगों से भी अपील की है कि वह किसी भी कालोनी में प्लाट खरीदने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि कालोनी नगर निगम से स्वीकृत-पास या नहीं। उन्होंने कहा कि लोग बाकायदा जिस कालोनी में प्लाट खरीदने जा रहे हैं उनके मालिकान से निगम की अप्रूवल को देखें उसके बाद ही प्लाट खरीदें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें