Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब विधानसभा की सहकारिता संबंधी समिति ने किया वेरका मिल्क प्लांट का दौरा

July 30, 2026

पंजाब विधानसभा की सहकारिता संबंधी समिति ने किया वेरका मिल्क प्लांट का दौरा

अमृतसर: पंजाब विधानसभा द्वारा सहकारिता एवं इससे संबंधित गतिविधियों के अध्ययन के लिए गठित समिति ने आज वेरका मिल्क प्लांट का दौरा कर प्लांट की कार्यप्रणाली, दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता जांच तथा प्रसंस्करण (प्रोसेसिंग) प्रणाली का निरीक्षण किया।

समिति का नेतृत्व इसके अध्यक्ष एवं विधायक सरदार सरवन सिंह धुन्न ने किया। उनके साथ समिति के सदस्य विधायक सरदार अमन शेर सिंह शैरी कलसी, सरदार फौजा सिंह तथा सरदार सुखविंदर सिंह कोटली भी उपस्थित रहे। मिल्क प्लांट यूनियन अमृतसर के चेयरमैन सरदार भूपिंदर सिंह रंधावा, वाइस चेयरमैन सरदार भूपिंदर सिंह तथा बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने समिति के सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस अवसर पर वेरका मिल्क प्लांट के महाप्रबंधक श्री अनिमेष प्रमाणिक तथा मिल्कफैड पंजाब के प्रतिनिधि सरदार गुरदेव सिंह संधू ने समिति को डेयरी के विभिन्न विभागों का दौरा करवाया। उन्होंने समिति को दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता जांच, गुणवत्ता नियंत्रण तथा आधुनिक प्रसंस्करण प्रणाली के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

समिति को यह भी अवगत कराया गया कि माननीय मुख्यमंत्री पंजाब सरदार भगवंत सिंह मान तथा मिल्कफैड पंजाब के प्रबंध निदेशक श्री राहुल गुप्ता (आई.ए.एस.) के प्रयासों से वेरका अमृतसर डेयरी में 2.35 एल.एल.पी.डी. फर्मेंटेड डेयरी एंड अदर प्रोडक्ट्स डेयरी प्लांट स्थापित किया जा रहा है। इस अत्याधुनिक परियोजना से डेयरी की उत्पादन क्षमता तथा दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता में और वृद्धि होगी। इसके साथ ही उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाले दूध एवं दुग्ध उत्पाद उपलब्ध होंगे, जबकि दूध उत्पादक किसानों को भी इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। समिति ने वेरका अमृतसर डेयरी के प्रबंधन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा डेयरी द्वारा किए जा रहे प्रयासों और प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।

इस अवसर पर मिल्क यूनियन अमृतसर के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स सरदार अमनदीप सिंह, सरदार गुरमुख सिंह, सरदार जगजीत सिंह, सरदार हरजीत सिंह, सरदार हरभजन सिंह, मिल्कफैड पंजाब के प्रतिनिधि सरदार गुरदेव सिंह संधू तथा मिल्क यूनियन अमृतसर के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।

📍 Location: Amritsar (Amritsar)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें