Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

ऑप्स ईगल-2 के तहत पंजाब पुलिस ने चलाया तलाशी अभियान, 281 रेलवे स्टेशनों व बस स्टैंडों सहित 895 होटलों में की चेकिंग

January 21, 2023

ऑप्स ईगल-2 के तहत पंजाब पुलिस ने चलाया तलाशी अभियान, 281 रेलवे स्टेशनों व बस स्टैंडों सहित 895 होटलों में की चेकिंग

चंडीगढ़:: पंजाब पुलिस ने गणतंत्र दिवस समारोह 2023 से पहले शनिवार को आपराधिक और असामाजिक तत्वों की तलाश करने और राज्य भर से संदिग्ध लोगों को सत्यापन के लिए पकड़ने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान “ऑप्स ईगल -2” चलाया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के विजन के अनुसार पंजाब को एक सुरक्षित राज्य बनाने के उद्देश्य से सभी 28 पुलिस जिलों में पुलिस महानिदेशक पंजाब गौरव यादव के निर्देश पर यह ऑपरेशन चलाया गया है।

राज्यभर में एक साथ सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंड आदि सहित संवेदनशील स्थानों पर घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया गया और पंजाब पुलिस मुख्यालय के एडीजीपी/आईजीपी रैंक के अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से अभियान की निगरानी के लिए प्रत्येक पुलिस जिले में तैनात किया गया। पुलिस टीमों ने बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों के पास स्थित होटलों और सरायों की भी जांच की है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था अर्पित शुक्ला, जो रूपनगर में एसएसपी विवेक शील सोनी के साथ जिले में व्यक्तिगत रूप से अभियान की निगरानी करने के लिए शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि सभी सीपी/एसएसपी को इस ऑपरेशन के लिए अधिक से अधिक संख्या में अधिकारियों और जनशक्ति को जुटाने के लिए कहा गया है। राजपत्रित अधिकारियों की देखरेख में जिला सीलिंग बिंदुओं पर मजबूत ‘नाके’ लगाएं। संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश के लिए राज्यभर में 315 से अधिक गश्त दलों की प्रतिनियुक्ति की गई है, इसके अलावा राज्य में राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में 5000 से अधिक पुलिस कर्मियों को शामिल करते हुए 462 अच्छी तरह से समन्वित हाई-टेक नाके भी स्थापित किए गए हैं। आम जनता को न्यूनतम असुविधा सुनिश्चित करते हुए संदिग्ध वाहनों/व्यक्तियों की सघन तलाशी के लिए एसपी रैंक के एक अधिकारी की देखरेख में राज्य में विभिन्न पुलिस टीमों द्वारा 281 रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों की जांच की गई।

इस अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने कम से कम 11939 संदिग्ध लोगों की तलाशी ली, इसके अलावा बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों से सटे 895 होटलों और सरायों में औचक निरीक्षण किया। ऑपरेशन के परिणाम के बारे में विवरण देते हुए, एडीजीपी ने कहा कि पुलिस टीमों ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ 76 एफआईआर दर्ज करने के बाद 91 को गिरफ्तार किया है। पिछले नौ महीनों की उपलब्धियां गिनाते हुए एडीजीपी ने कहा कि पंजाब पुलिस ने 30 आधुनिक राइफलें, 191 रिवाल्वर/पिस्तौल और 17 ड्रोन बरामद करने के बाद 103 आतंकवादियों/कट्टरपंथियों को गिरफ्तार कर 15 आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। जहां तक गैंगस्टरों का संबंध है, पंजाब पुलिस ने 555 गैंगस्टरों/अपराधियों को गिरफ्तार कर 140 गैंगस्टर/आपराधिक मॉड्यूलों का पर्दाफाश करने और दो को मार गिराने में सफलता हासिल की है और उनके कब्जे से आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किए गए 510 हथियार और 129 वाहन बरामद किए हैं।एडीजीपी अर्पित शुक्ला ने दोहराया कि इस तरह के ऑपरेशन तब तक जारी रहेंगे जब तक राज्य से ड्रग्स और गैंगस्टर्स का सफाया नहीं हो जाता।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें