Dainik Savera Times

पंजाब पुलिस ने पंचायत चुनाव के चलते 15 अक्टूबर तक अपने सभी कर्मियों की रद्द की छुट्टियां

चंडीगढ़: पंजाब में पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां 15 अक्टूबर तक रद्द कर दी गई हैं। केवल विशेष परिस्थितियों में ही छुट्टी मंजूर की जाएगी। इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। नियम तोड़ने पर कार्रवाई भी की जाएगी। पंजाब पुलिस में 80 हजार से ज्यादा पुलिस कर्मी हैं।

राज्य में इस समय 13937 ग्राम पंचायतें हैं, जिनमें चुनाव हो रहे हैं। 15 अक्टूबर को होने वाले चुनाव में कुल 1 करोड़ 33 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव में 96 हजार कर्मचारियों को तैनात किया गया है। चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाना सरकार के लिए भी चुनौती है। हालांकि, गांवों में माहौल खराब न हो, इसके लिए सरकार ने अपने स्तर पर प्रयास किए हैं। पार्टी सिंबल पर चुनाव न करवाने संबंधी प्रस्ताव विधानसभा में पारित कर लागू कर दिया गया है।

पंचायत चुनाव के लिए राज्य चुनाव आयोग ने चंडीगढ़ के सेक्टर 17-ई स्थित अपने कार्यालय एससीओ नंबर 49 में कंट्रोल रूम स्थापित किया है। इसके अलावा लोगों की सुविधा के लिए एक विशेष नंबर भी शुरू किया गया है। कंट्रोल रूम से संपर्क करने के लिए लोगों को लैंडलाइन नंबर 0172- 2771326 पर कॉल करना होगा। इसके अलावा विभाग की वेबसाइट पर भी जानकारी अपलोड कर दी गई है।

Exit mobile version