
Punjab News: पंजाब के सर्विस सेंटरों में काम करने वाले कर्मचारियों ने वेतन न मिलने के विरोध में हड़ताल की चेतावनी दी है। कर्मचारियों की यूनियन ने कहा है कि अगर बकाया सैलरी दोपहर 2 बजे तक जारी नहीं की गई, तो राज्यभर के सर्विस सेंटरों में काम बंद कर दिया जाएगा।
यूनियन के अनुसार, हड़ताल के दौरान पेन डाउन और कंप्यूटर शटडाउन किया जाएगा। इसका मतलब है कि कर्मचारी न तो नए आवेदन स्वीकार करेंगे और न ही लोगों को सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
लंबे समय से वेतन बकाया होने का आरोप
कर्मचारियों का कहना है कि सिक्योरिटी गार्ड, डीएसजी ऑपरेटर, टीए, एलओआर ऑपरेटर और सफाई कर्मचारियों समेत कई स्टाफ को लंबे समय से सैलरी नहीं मिली है। यूनियन का आरोप है कि कई बार मांग उठाने के बावजूद सरकार और संबंधित प्रबंधन की ओर से समस्या का समाधान नहीं किया गया।
सरकारी सेवाओं पर पड़ सकता है असर
अगर हड़ताल शुरू होती है तो लोगों को कई जरूरी सेवाओं में परेशानी हो सकती है। इनमें जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, संपत्ति प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीकरण, जमीन से जुड़े दस्तावेज और अन्य सरकारी सेवाएं शामिल हैं। पंजाब के सर्विस सेंटरों से रोजाना बड़ी संख्या में लोग सरकारी काम करवाते हैं। ऐसे में कर्मचारियों की हड़ताल का सीधा असर आम जनता पर पड़ सकता है।
यूनियन ने सरकार से की जल्द समाधान की मांग
कर्मचारी यूनियन ने सरकार से अपील की है कि वेतन से जुड़ी समस्या का जल्द समाधान किया जाए, ताकि लोगों को परेशानी न उठानी पड़े और सर्विस सेंटरों का काम सामान्य रूप से चलता रहे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...