Site icon Dainik Savera Times

17.72 करोड़ से विकास और सरोवर में छोड़ी रंग-बिरंगी मछलियां

Punjab Spends ₹17.72 Crore on Valmiki Tirath Development : अमृतसर। भगवान श्री वाल्मीकि जी तीर्थ स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधाएं बढ़ाने और परिसर का सौंदर्यीकरण करने के लिए पंजाब सरकार करीब 17.72 करोड़ रुपये खर्च कर रही है।

सरोवर की सफाई और मरम्मत के बाद उसमें दोबारा जल भरा गया है। विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां की मौजूदगी में सरोवर में 500 रंग-बिरंगी मछलियों का बीज भी छोड़ा गया। इससे पहले करीब 2,500 मछलियों का बीज डाला गया था। सरकार के मुताबिक, मंदिर, सरोवर, संगत हॉल, सराय और अन्य सुविधाओं के विकास पर भी काम जारी है।

 

उन्होंने कहा कि श्री वाल्मीकि तीर्थ वह पावन स्थल है, जहां भगवान महर्षि वाल्मीकि जी ने तपस्या की और लव-कुश को शिक्षा प्रदान की। उनकी शिक्षाएं समस्त मानवता को सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा इस पावन स्थल की सुंदरता बढ़ाने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इस अवसर पर जानकारी देते हुए लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने बताया कि आज पावन सरोवर में 500 रंग-बिरंगी मछलियों का बीज छोड़ा गया है। इससे पहले पिछले सप्ताह भी सरोवर में लगभग 2,500 मछलियों का बीज छोड़ा गया था, जिसमें रोहू, मृगल कार्प, कॉमन कार्प और ग्रास कार्प प्रजातियों की मछलियां शामिल थीं।

आज छोड़ी गई मछलियों में कोई कार्प, रेड हेड तथा अन्य मिलती-जुलती रंग-बिरंगी प्रजातियों की मछलियां शामिल हैं। स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा भगवान वाल्मीकि जी तीर्थ स्थल के विकास एवं सौंदर्यीकरण पर लगभग 17.72 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें से 3.74 करोड़ रुपये पावन सरोवर की सफाई, गाद निकालने, साफ रेत डालने तथा अन्य संबंधित कार्यों पर खर्च किए गए हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 2.80 करोड़ रुपये की लागत से मुख्य मंदिर की पेंटिंग एवं पॉलिशिंग, रास्तों के पिलरों की मरम्मत और सैंडस्टोन की सिलिकॉन कटिंग के कार्य करवाए जा रहे हैं।

इसी प्रकार, 2.42 करोड़ रुपये की लागत से संगत हॉल के पत्थरों की मरम्मत तथा लंगर हॉल, सराय और पैनोरमा स्थित हॉल की पेंटिंग के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सराय में नया फर्नीचर, एयर कंडीशनर और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर लगभग 1.74 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एस.टी.पी.) की क्षमता बढ़ाने, बाथरूमों की मरम्मत, नए एयर कंडीशनर और गीजर लगाने तथा अग्नि सुरक्षा प्रणाली सहित अन्य विकास कार्यों पर 5 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जा रही है।

इस दौरान राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने समस्त श्रद्धालुओं को भगवान महर्षि वाल्मीकि जी के प्रकट दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा इस पावन अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जा रहा है तथा तीर्थ स्थल की सुंदरता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्य किए गए हैं। भगवान वाल्मीकि जी तीर्थ स्थल श्राइन बोर्ड की एडवाइजरी बोर्ड के चेयरमैन श्री बाल योगी प्रगट नाथ ने तीर्थ स्थल पर चल रहे विकास एवं सेवा कार्यों के लिए पंजाब सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पावन स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।

उन्होंने बताया कि भगवान श्री वाल्मीकि जी का प्रकट दिवस पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है तथा देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माथा टेकने के लिए पहुंच रहे हैं। इस अवसर पर हलका राजासांसी की इंचार्ज श्रीमती सोनिया मान ने कहा कि पावन तीर्थ स्थल के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि जी द्वारा दिखाए गए प्रेम, त्याग और जरूरतमंदों की सेवा के मार्ग पर चलकर बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि जी की महान रचना रामायण समस्त मानवता को सदैव सत्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती रहेगी।

Exit mobile version