Site icon Dainik Savera Times

बिजली चोरी करने वालों की खैर नहीं…पावरकॉम ने की सख्त कार्रवाई, लगाया लाखों का जुर्माना

Punjab Steal Electricity

चंडीगढ़: पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पावरकॉम) ने बिजली चोरी और ओवरलोडिंग पर नकेल कसने के लिए सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। बिजली की बर्बादी और चोरी को रोकने के लिए पावरकॉम द्वारा राज्यभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। ताजा कार्रवाई जालंधर सर्कल के विभिन्न डिवीजनों में की गई, जहां एक ही दिन में 1000 से अधिक बिजली कनेक्शनों की जांच की गई।

-कार्रवाई का दायरा और आंकड़े

अभियान के दौरान कुल 1044 कनेक्शनों की जांच की गई, जिसमें से 6 मामलों में सीधे तौर पर बिजली चोरी पाई गई। इसके अलावा 37 उपभोक्ताओं पर ओवरलोडिंग और 11 उपभोक्ताओं पर बिजली के दुरुपयोग के आरोप लगे। विभाग ने कुल 54 उपभोक्ताओं पर कार्रवाई करते हुए 5.39 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।

-कौन-कहां रहा आगे?

पूर्वी डिवीजन ने सबसे अधिक मीटरों का निरीक्षण किया।

मॉडल टाउन डिवीजन ने सबसे अधिक जुर्माना वसूला।

-25 टीमों ने एक साथ मारा छापा

जालंधर सर्कल के पांच डिवीजनों में इस सरप्राइज चेकिंग के लिए 25 विशेष टीमें बनाई गईं थीं। हर टीम में आबकारी अधिकारी, एसडीओ, जेई, लाइनमैन और फील्ड स्टाफ शामिल थे। हर टीम को कम से कम 40 कनेक्शन चेक करने के आदेश दिए गए थे। सुबह-सुबह बिजली चोरी के हॉटस्पॉट माने जाने वाले इलाकों में अचानक छापेमारी की गई, जिससे उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया।

-कमर्शियल उपयोग पर भी शिकंजा

अभियान के तहत कई जगहों पर घरेलू कनेक्शन से व्यावसायिक गतिविधियों में बिजली के इस्तेमाल के मामले भी सामने आए, जिन पर तत्काल कार्रवाई की गई और नियमानुसार चालान किया गया।

-पावरकॉम की अपील

पावरकॉम ने आम जनता से अपील की है कि वे बिजली का दुरुपयोग न करें और वैध तरीके से ही बिजली का उपयोग करें। बिजली चोरी न सिर्फ गैरकानूनी है, बल्कि इससे अन्य उपभोक्ताओं पर भी अनावश्यक बोझ पड़ता है।

Exit mobile version