Site icon Dainik Savera Times

पंजाब में पराली जलाने के 5,835 मामले आए सामने, पटियाला बना सबसे बड़ा हॉटस्पॉट, 1,834 FIR दर्ज

Punjab stubble burning

Punjab stubble burning

Punjab stubble burning: पंजाब में धान की कटाई के बाद 23 जिलों में पराली जलाने की कुल 5,835 घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिसमें अकेले पटियाला में 391 मामले सामने आए हैं। यह बात कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (सीएक्यूएम) की ओर से जारी एक रिपोर्ट में कही गई है।

शनिवार तक के डेटा वाली रिपोर्ट में बताया गया है कि राज्यभर में रिपोर्ट की गई कुल घटनाओं में से 5,539 जगहों पर फील्ड-लेवल निरीक्षण किया गया, जिसमें 2,442 जगहों पर पराली जलाने की पुष्टि हुई। अधिकारियों ने इसको रोकने और वायु गुणवत्ता को और खराब होने से रोकने की कोशिशों के तहत कई मामलों में किसानों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।

पटियाला से सामने आई सबसे अधिक घटनाएं
पटियाला जिले में पराली जलाने की 391 घटनाएं रिपोर्ट की गईं, जिनमें से 356 जगहों पर निरीक्षण किया गया। फील्ड इंस्पेक्शन में पुष्टि हुई कि 225 जगहों पर पराली जलाई गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में 166 मामलों में पर्यावरण क्षतिपूर्ति लगाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि कुल 8.35 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जिसमें से 3.10 लाख रुपये पहले ही वसूल किए जा चुके हैं।

ये भी पढ़ें- सोनिया गांधी की ऑटोबायोग्राफी लॉन्च में शामिल होंगे CM विजय, PM मोदी से मुलाकात की भी अटकलें

 

रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि पटियाला जिले में पराली जलाने की घटनाओं के संबंध में 215 एफआईआर दर्ज की गई हैं। इसके अलावा, ऐसा करने वालों में शामिल लोगों के खिलाफ की गई कार्रवाई के तहत 139 मामलों में राजस्व रिकॉर्ड में ‘रेड एंट्री’ दर्ज की गई हैं।

अधिकारियों को 390 चेतावनी नोटिस जारी
इस बीच, प्रशासन ने इन घटनाओं को लेकर जिले के नोडल और सुपरवाइजरी अधिकारियों को 390 चेतावनी और कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। हालांकि, रिपोर्ट में बताया गया है कि पटियाला में अब तक मुकदमा चलाने, चार्जशीट जारी करने या अधिकारियों को सस्पेंड करने का कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।

राज्य स्तर पर, रिपोर्ट में बताया गया है कि पूरे पंजाब में 2,152 मामलों में पर्यावरण क्षतिपूर्ति लगाई गई है। इस कार्रवाई के तहत कुल एक करोड़ 8 लाख 55 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जिसमें से अब तक 40 लाख 40 हजार रुपये वसूल किए जा चुके हैं।

कारण बताओ नोटिस जारी
इसके अलावा, पराली जलाने के संबंध में पूरे राज्य में 1,834 एफआईआर दर्ज की गई हैं जबकि 2,015 मामलों में राजस्व रिकॉर्ड में ‘रेड एंट्री’ की गई हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पूरे पंजाब में 35 मामलों में अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा चलाया जा रहा है।

इसके अलावा, अधिकारियों ने पराली जलाने की घटनाओं और रोकथाम की कोशिशों के संबंध में अलग-अलग लेवल के अधिकारियों को 1,607 चेतावनी और कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।

ये भी पढ़ें- महंगाई का एक और झटका! 15 दिन में दूसरी बार CNG की कीमतों में हुई बढ़ोतरी, इतने बढ़े दाम

 

98% हिस्से में कटाई पूरी
CAQM की रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब में धान की खेती का कुल रकबा 32.87 लाख हेक्टेयर है। शनिवार तक कुल खेती वाले रकबे के लगभग 98 प्रतिशत हिस्से में कटाई पूरी हो चुकी थी, जिससे पता चलता है कि राज्य में धान की कटाई का ज्यादातर काम अपने आखिरी स्टेज में पहुंच गया था।

नए आंकड़े बताते हैं कि पंजाब के सामने पराली जलाने को रोकने में कितनी बड़ी चुनौती है क्योंकि चल रही कार्रवाई के तहत जुर्माना, एफआईआर, रेवेन्यू रिकॉर्ड एंट्री और चेतावनी नोटिस जारी होने के बावजूद जिलों में हजारों घटनाएं रिपोर्ट की गई हैं।

Exit mobile version