Last Updated: November 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, लुधियाना के जिला चुनाव अधिकारी ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

November 13, 2026

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, लुधियाना के जिला चुनाव अधिकारी ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

लुधियाना: आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में जिला चुनाव अधिकारी एवं डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने अपने कार्यालय में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के इलेक्शन रजिस्ट्रेशन अधिकारियों (ERO) के साथ विशेष बैठक की। इस दौरान चुनाव से संबंधित तैयारियों और आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा की गई।

बैठक में डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव आयोग की ओर से निर्धारित पात्रता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर प्रत्येक योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदान के अधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में स्वीप (SVEEP) गतिविधियों के तहत विशेष जागरूकता कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए। इन कैंपों के माध्यम से युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को वोट के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा, ताकि चुनाव प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ाई जा सके।

जिला चुनाव अधिकारी ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में बनाए जाने वाले चुनाव सामग्री वितरण केंद्रों और मतगणना केंद्रों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि चुनाव से संबंधित सभी प्रबंध समय रहते पूरे कर लिए जाएं, ताकि मतदान और मतगणना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पोलिंग स्टेशन पर व्हीलचेयर, स्वच्छ शौचालय, पीने का पानी, बिजली, छायादार स्थान, बैठने के लिए कुर्सियां और दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए।

डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने अधिकारियों से कहा कि मतदाताओं को मतदान के लिए प्रोत्साहित करने के हर संभव प्रयास किए जाएं। साथ ही भारतीय चुनाव आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पूरी सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल से काम करें, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष, सुचारू और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सकें।

📍 Location: Ludhiana (Ludhiana)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें