Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab Weather: पंजाब में बढ़ती ठंड के बीच बारिश के आसार तेज, पढ़ें IMD की रिपोर्ट

November 24, 2025

Punjab Weather: पंजाब में बढ़ती ठंड के बीच बारिश के आसार तेज, पढ़ें IMD की रिपोर्ट

अमृतसर: पंजाब में सर्दी लगातार अपने पैर पसार रही है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में आज मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा, लेकिन दिन और रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहेगा। अधिकतम तापमान औसत स्तर के करीब पहुंच चुका है और बीते 24 घंटों में इसमें लगभग 0.1°C की कमी दर्ज की गई है। बठिंडा में जहां अधिकतम तापमान 28.1°C रिकॉर्ड किया गया, वहीं आदमपुर में न्यूनतम पारा 6°C तक लुढ़क गया।

हल्की धुंध ने बढ़ाई ठंडक

प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिला, जिससे ठंड में थोड़ी और बढ़ोतरी महसूस की गई। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगले चार दिनों के दौरान रात के तापमान में 2 से 4°C तक और गिरावट हो सकती है। उसके बाद तापमान में कोई बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है।

एयर क्वालिटी बिगड़ी, पराली जलाने का असर जारी

पराली जलाने की घटनाओं में कमी आने के बावजूद वायु गुणवत्ता में सुधार नहीं हो पाया है। अमृतसर, जालंधर, लुधियाना और पटियाला सहित कई शहरों में AQI 100 से ऊपर दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम से खराब’ श्रेणी में आता है।

चंडीगढ़ के सेक्टर 22, 25 और 53 में भी AQI 148 से 166 के बीच रिकॉर्ड किया गया। ऐसे में विशेषज्ञों ने लोगों को बाहर निकलते समय मास्क पहनने और सुबह की ठंड से बचने की सलाह दी है।

पराली जलाने के मामलों में बड़ी कमी

इस साल 15 सितंबर से 24 नवंबर 2025 के दौरान पंजाब में कुल 5,088 पराली जलाने के मामले सामने आए हैं। यह आंकड़ा पिछले साल की तुलना में लगभग 53% कम है। 2023 और 2021 के मुकाबले भी मामलों में भारी कमी दर्ज हुई है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड इस बार पहले से ज्यादा सख्त दिखाई दे रहा है और किसानों को जागरूक करने के साथ-साथ कड़े कदम भी उठाए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें: Gold-Silver Price Today: सोना–चांदी की कीमतों में गिरावट, जानें 10 ग्राम गोल्ड और सिल्वर का रेट

नवंबर के अंत या दिसंबर की शुरुआत में बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि महीने के अंतिम सप्ताह या दिसंबर की शुरुआत में पंजाब में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। बारिश होने पर वायु गुणवत्ता में सुधार होने के साथ-साथ तापमान में तेज गिरावट आएगी और प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो सकता है।

स्वास्थ्य को लेकर अलर्ट जारी

तेजी से गिरते तापमान को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और श्वास संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। सुबह और देर शाम के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और शरीर को गर्म रखने की सलाह दी गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें