Site icon Dainik Savera Times

Punjab Weather: पंजाब के इन 6 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, IMD ने जारी की बारिश की चेतावनी

Punjab Weather Update

Punjab Weather Update

Punjab Weather Update : पंजाब के लोगों को कड़ाके की सर्दी से फिलहाल कुछ राहत जरूर मिली है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और अगले कुछ दिनों तक शीतलहर चलने की कोई संभावना नहीं जताई गई है। हालांकि, राहत के बीच कोहरे ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने 22 जनवरी तक सुबह और रात के समय घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।

चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज पंजाब के 6 जिलों में घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला के कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम हो सकती है।

जालंधर में विजिबिलिटी शून्य, बड़ा हादसा टला

कोहरे का असर जालंधर में देर रात देखने को मिला, जब रात करीब 9 बजे अचानक घना कोहरा छा गया और विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई। इसी दौरान DAV कॉलेज के पास एक कार अनियंत्रित होकर गंदे नाले में गिर गई। गनीमत रही कि कार सवार दोनों लोग सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए और कोई जनहानि नहीं हुई।

कोहरे के कारण बढ़ रहे हादसे

पिछले 24 घंटों में कोहरे की वजह से हुए सड़क हादसों में 6 लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जिनमें गुजरात की एक महिला कांस्टेबल भी शामिल है। इन घटनाओं को देखते हुए पुलिस विभाग ने वाहन चालकों से कोहरे के दौरान ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करने और सावधानी बरतने की अपील की है।

तापमान में इजाफा दर्ज

मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। फिलहाल अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक चल रहा है। श्री आनंदपुर साहिब में अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अमृतसर में 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

19 जनवरी से बदलेगा मौसम, बारिश की संभावना

चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरिंदर पाल ने बताया कि पहाड़ी इलाकों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से 19 जनवरी को पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 22 और 23 जनवरी को कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

उनके अनुसार, अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान करीब 2 डिग्री तक बढ़ सकता है। इसके बाद कुछ दिनों तक तापमान स्थिर रहेगा, लेकिन आगे चलकर 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी होने के संकेत हैं।

लगातार दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पूर्वी ईरान के पास बना वेस्टर्न डिस्टर्बेंस अब अफगानिस्तान और पाकिस्तान के आसपास पहुंच चुका है। यह समुद्र तल से करीब 3.1 किलोमीटर ऊपर हवा के परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। इसके चलते 19 और 21 जनवरी की रात को लगातार दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें: जानें कैसा रहेगा 12 राशियों के लिए आज का दिन, किसे मिलेगी खुशी तो किसके हाथ आएगी निराशा?

अगले तीन दिनों का मौसम पूर्वानुमान

19 जनवरी:
अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में घना कोहरा।
पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना।

20 जनवरी:
इन 6 जिलों में कोहरा बना रहेगा, मौसम शुष्क रह सकता है।

ये भी पढ़ें: कड़ाके की ठंड के बीच चुनौती बना कोहरा! कुछ राज्यों में बारिश के आसार

21 जनवरी:
घने कोहरे की स्थिति बरकरार रहने की संभावना, बारिश के आसार नहीं।

Exit mobile version