Site icon Dainik Savera Times

Punjab Weather Update: पंजाब में छाने लगा घना कोहरा, 1.8 डिग्री गिरा पारा, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Punjab Forecast Dense Fog 23 dec

Punjab Forecast Dense Fog 23 dec

Punjab Weather Update : उत्तर भारत में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। पंजाब और चंडीगढ़ में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाने लगा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। मौसम विभाग ने 14 दिसंबर को पंजाब के 13 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। बता दें कि विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है, क्योंकि कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो सकती है।

कोहरे के अलर्ट वाले जिलों में अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर और लुधियाना शामिल हैं। इन क्षेत्रों में सुबह के समय सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।

रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी

बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आदमपुर सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं बठिंडा में रात अपेक्षाकृत गर्म रही और यहां न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा।

अन्य शहरों की बात करें तो लुधियाना में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री, चंडीगढ़ में 8.5 डिग्री, पटियाला में 8.8 डिग्री, पठानकोट में 8.9 डिग्री और अमृतसर में 10.3 डिग्री दर्ज किया गया। मोहाली में रात का तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

दिन के तापमान में गिरावट जारी

दिन के समय ठंड और बढ़ने लगी है। राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है, और यह सिलसिला 20 दिसंबर तक जारी रह सकता है। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री रहा, जबकि अमृतसर में यह घटकर 18.4 डिग्री तक पहुंच गया। पठानकोट में सबसे अधिक गिरावट देखी गई, जहां अधिकतम तापमान में करीब 6 डिग्री की कमी दर्ज हुई।

प्रदूषण और मौसम में आगे बदलाव

हवा की रफ्तार कम होने के कारण वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 17 दिसंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे बादल छाए रहेंगे और रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है। हालांकि 21 दिसंबर के बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ के कारण ठंड में फिर इजाफा होने के आसार हैं।

Exit mobile version