Site icon Dainik Savera Times

Punjab Weather : लगातार बारिश से बढ़ी मुश्किलें… IMD ने जारी किया अलर्ट, जानें अगले कुछ दिनों का मौसम

Punjab Weather Update : उत्तर भारत में जारी भारी बारिश का असर पंजाब पर भी साफ दिख रहा है। राज्य के कई जिलों में पानी भरने और नदियों के उफान से हालात बिगड़ने लगे हैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार को पंजाब के तीन जिलों पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है।

अमृतसर में नहर ओवरफ्लो, तीन गांव प्रभावित
जानकारी के मुताबिक, अमृतसर से गुजरने वाली सबरन ब्रांच नहर रईया के पास ओवरफ्लो हो गई, जिससे आसपास के तीन गांव प्रभावित हुए। जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया और देर रात तक पानी का बहाव नियंत्रित करने में सफलता पाई। डीसी अमृतसर साक्षी साहनी ने बताया कि प्रशासनिक टीम और ग्रामीणों के सहयोग से प्रभावित हिस्से की मरम्मत पूरी कर ली गई है।

होशियारपुर में नदियां-नाले उफान पर
होशियारपुर में हिमाचल से आने वाली नदियां और नाले तेज बहाव के कारण खतरे के स्तर के करीब पहुंच गए हैं। भंगी-चो उफान पर बह रहा है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बड़े पुलों का ही इस्तेमाल करें और उफनते नालों या नदियों को पार करने से बचें।

बारिश से तापमान में गिरावट
गुरुवार को हुई बारिश से पंजाब के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। अमृतसर में 14 मिमी, लुधियाना में 18 मिमी, पटियाला में 1 मिमी, होशियारपुर में 62 मिमी, मोहाली में 14.5 मिमी, पठानकोट में 4 मिमी, रूपनगर में 10.5 मिमी और एसबीएस नगर में 15 मिमी बारिश हुई। राज्य का अधिकतम तापमान 3.3 डिग्री घट गया और यह सामान्य से 4.4 डिग्री कम दर्ज किया गया।

शनिवार को भी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार को पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद मौसम सामान्य रहने और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है।

Exit mobile version