Punjab Weather News: पंजाब में आज से मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले तीन दिनों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। इस दौरान तेज हवाओं, गरज-चमक और आंधी-तूफान की स्थिति बनने की आशंका जताई गई है। हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
पिछले एक दिन में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है, जबकि आनंदपुर साहिब में सबसे ज्यादा तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इन जिलों में ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। खासतौर पर करीब 10 जिलों में तेज हवाओं और आंधी-तूफान का ज्यादा प्रभाव देखने को मिलेगा। इनमें फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा, संगरूर और पटियाला शामिल हैं। इन क्षेत्रों में हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है।
ये भी पढ़ें :
पश्चिमी विक्षोभ बना वजह
मौसम में इस बदलाव का कारण पश्चिमी विक्षोभ को माना जा रहा है। वर्तमान में यह सिस्टम ऊपरी वायुमंडल में सक्रिय है और ट्रफ के रूप में विकसित हो रहा है। इसके अलावा, ईरान के पश्चिमी हिस्से के पास एक और नया सिस्टम बन रहा है, जो आगे बढ़ते हुए उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित कर सकता है।
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
मौसम विभाग के मुताबिक, 28 मार्च से 2 अप्रैल के बीच अलग-अलग स्थानों पर रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। 29 और 30 मार्च को कुछ इलाकों में हल्की वर्षा के आसार हैं। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है। इसके बाद कुछ दिनों के लिए तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी, लेकिन फिर दोबारा गिरावट दर्ज की जा सकती है। कुल मिलाकर, आने वाले दिनों में मौसम अस्थिर बना रहेगा।
ये भी देखें :

