Punjab Weather News : पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम ने करवट ले ली है। बता दें कि दिन के मुकाबले सुबह और शाम अब काफी ठंडी महसूस होने लगी हैं। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है और रातें भी सर्द होने लगी हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले एक सप्ताह तक आसमान साफ़ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, यह सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस नीचे बना रहेगा। वहीं, पिछले 24 घंटों में राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री की कमी दर्ज की गई है। समराला में इस सीजन का सबसे अधिक 29.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
वायु गुणवत्ता की बात करें तो राज्य के कई शहरों में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक है। मंडी गोबिंदगढ़ इस समय सबसे ज़्यादा प्रदूषित शहर बना हुआ है, जहाँ AQI 206 दर्ज किया गया। इसके अलावा बठिंडा का AQI 192, जालंधर 158, खन्ना 169 और लुधियाना 163 रहा। वहीं, चंडीगढ़ की हवा अपेक्षाकृत साफ़ है, जहाँ तीनों मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI 72 से 83 के बीच दर्ज किया गया।
पंजाब में बढ़ते वायु प्रदूषण का मुख्य कारण पराली जलाना माना जा रहा है। इस साल पराली जलाने के मामलों में तेज़ी आई है। 15 सितंबर से 11 नवंबर तक कुल 4,507 घटनाएँ दर्ज की गईं, जबकि 31 अक्टूबर तक यह संख्या 1,642 थी। गेहूँ की बुवाई शुरू होने के कारण किसानों ने फसल अवशेष नष्ट करने की गति बढ़ा दी है। प्रशासन ने अब तक 1,147 मामलों में कार्रवाई करते हुए करीब ₹1 करोड़ का जुर्माना लगाया है, जिसमें से ₹92 लाख वसूले जा चुके हैं। पराली जलाने पर रोकथाम के लिए 781 नोडल अधिकारी भी तैनात किए गए हैं।

