Site icon Dainik Savera Times

Punjab Weather Update : पंजाब में मानसून ने दी दस्तक, 12 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी

Punjab Weather Today

Punjab Weather Today: चंडीगढ़: पंजाब में दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय होने के साथ ही मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने राज्य के 12 जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। आने वाले तीन से चार दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से लेकर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून की गतिविधियों में तेजी आने से कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ वर्षा देखने को मिलेगी।

-तापमान में हल्की वृद्धि, पर राहत बनी हुई

शुक्रवार को बारिश की कमी के कारण राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में औसतन 3.1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि तापमान सामान्य सीमा के भीतर ही रहा। सबसे ज्यादा गर्मी बठिंडा में महसूस की गई, जहां पारा 39 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं अमृतसर में 4.5 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ अधिकतम तापमान 34 डिग्री दर्ज किया गया। अन्य प्रमुख शहरों में लुधियाना में 36.1, पटियाला में 36.8 और पठानकोट में 34.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

-इन जिलों में आज और कल अलर्ट

आज यानी 28 जून को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, संगरूर, लुधियाना, जालंधर और कपूरथला जिलों में हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। इन सभी क्षेत्रों में येलो अलर्ट लागू किया गया है।

-29 जून: भारी बारिश की चेतावनी

शनिवार को मौसम और भी अधिक सक्रिय रहेगा। नवांशहर, लुधियाना, संगरूर, मलेरकोटला, पटियाला, मोहाली और रूपनगर में गरज के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। वहीं, दक्षिण-पश्चिम पंजाब के मुक्तसर, फरीदकोट, मोगा और बठिंडा जैसे इलाकों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

-30 जून: अलर्ट का दायरा होगा विस्तृत

30 जून को भी राज्य के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। विशेष रूप से पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, मोहाली, संगरूर और पटियाला जैसे क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी रहेगा।

-लोगों को दी गई सतर्कता की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे बारिश के दौरान सावधानी बरतें और बिना जरूरत घर से बाहर निकलने से बचें। किसानों को भी फसल की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की आवश्यकता है। आने वाले दिनों में मानसून की प्रगति पर विभाग की ओर से लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Exit mobile version