Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab Weather Today: पंजाब में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में आंधी, तेज हवाएं और बारिश का अलर्ट

March 15, 2026

Punjab Weather Today: पंजाब में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में आंधी, तेज हवाएं और बारिश का अलर्ट

Punjab Weather Today: पंजाब में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। शनिवार रात से ही राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाएं चल रही हैं और आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने 15 मार्च के लिए कई जिलों में आंधी-तूफान, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक आज प्रदेश के कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बीते 24 घंटों में तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इसके बावजूद तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री अधिक बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस श्री आनंदपुर साहिब में दर्ज किया गया।

सुबह तक जारी रहा अलर्ट

मौसम विभाग ने सुबह 8:45 बजे तक कई क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना को लेकर चेतावनी जारी की थी। यह अलर्ट तहसील स्तर पर लागू किया गया।

इस दौरान सरदूलगढ़, बुढलाडा, लेहरा, मानसा, सुनाम, संगरूर, बरनाला, टापा, धूरी, मलेरकोटला, मूनक, पातरां, समाना, पटियाला, नाभा, राजपुरा, डेराबस्सी, फतेहगढ़ साहिब, अमलोह, मोहाली और तलवंडी साबो सहित कई क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत शांत बना रहा। हालांकि रामपुरा फूल, जैतो और मुक्तसर के आसपास के क्षेत्रों में मौसम के बिगड़ने की संभावना जताई गई है।

इसके अलावा जलालाबाद, बस्सी पठाना, खन्ना, पायल, चंडीगढ़, खरड़, खमाणों, लुधियाना (पूर्व), चमकौर साहिब, समराला, बाघा पुराना, फरीदकोट, मोगा और फिरोजपुर समेत कई इलाकों में मौसम सुहावना रहा, लेकिन फिल्लौर, नकोदर, कपूरथला, अमृतसर, बटाला, अजनाला, गुरदासपुर और पठानकोट में मौसम के प्रभावित होने की संभावना बनी हुई है।

इन जिलों में ओलावृष्टि की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार आज पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला और संगरूर में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।

वहीं तरनतारन, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, फिरोजपुर और मोगा जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है।

कुछ इलाकों में हल्की बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक पठानकोट से लेकर मोहाली और फतेहगढ़ साहिब तक के क्षेत्रों में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं तरनतारन, फिरोजपुर और संगरूर जैसे जिलों में रुक-रुककर बूंदाबांदी होने की संभावना है।

17 मार्च से फिर बदल सकता है मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तरी भारत के ऊपर ऊंचाई पर करीब 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं। इसके साथ ही एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ क्षेत्र में असर डाल रहा है। इसके बाद 17 मार्च की रात से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे मौसम में फिर से बदलाव देखने को मिल सकता है।

ये भी पढ़ें:

अगले कुछ दिनों में गिर सकता है तापमान

मौसम विभाग के निदेशक सुरिंदर पाल सिंह के अनुसार पंजाब में अगले सप्ताह हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अगले 24 घंटे तक तापमान लगभग स्थिर रह सकता है, लेकिन इसके बाद अगले पांच दिनों में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे मौसम में ठंडक बढ़ेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें