Punjab Weather Today: पंजाब में सुबह होते ही मौसम ने करवट ले ली। कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई, वहीं तेज हवाओं ने ठंड का असर और बढ़ा दिया। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह दी है और 14 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पटियाला सहित कई इलाकों में तड़के आंधी और बिजली के साथ बारिश देखने को मिली। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 3 फरवरी तक राज्य में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
तापमान में गिरावट, ठंड का असर बढ़ा
पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकतम तापमान में औसतन 1.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है। फरीदकोट में न्यूनतम तापमान सबसे कम 3.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, अगले 24 घंटों में रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री की और गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
14 जिलों में येलो अलर्ट, बिजली गिरने की आशंका
मौसम विभाग ने पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
इनमें से पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। दक्षिणी पंजाब के फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर, विजिबिलिटी घटी
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत पर एक के बाद एक दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर देखने को मिल सकता है। पहला सिस्टम 2 फरवरी की रात से और दूसरा 3 फरवरी की रात से सक्रिय होने की संभावना है।
इन मौसमी गतिविधियों के कारण कई इलाकों में विजिबिलिटी घटकर 40 मीटर से भी कम दर्ज की गई। पटियाला और अमृतसर में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है।
अगले तीन दिनों का मौसम अपडेट
2 फरवरी:
पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, रूपनगर और मोहाली में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना।
3 फरवरी:
मौसम विभाग की ओर से कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
ये भी पढ़ें: आज PM मोदी का पंजाब दौरा…करेंगे हलवारा एयरपोर्ट का उद्घाटन, डेरा बल्लां में संत निरंजन दास से करेंगे मुलाकात
4 फरवरी:
राज्य में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद, कोई चेतावनी नहीं।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें, खुले इलाकों में बिजली गिरने से बचें और यात्रा करते समय विजिबिलिटी का ध्यान रखें।
मेष: दिन शुभ रहेगा...