Site icon Dainik Savera Times

Punjab Weather: तेज हवाओं और बारिश से बदला पंजाब का मौसम, IMD ने आने वाले दिनों के लिए जारी किया अलर्ट

Punjab Weather

Punjab Weather

Punjab Weather Update: पंजाब में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बता दें कि बीती रात कई इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक देखने को मिली, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग का कहना है कि 1 और 2 अप्रैल को भी राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है।

हालांकि फिलहाल किसी बड़े तूफ़ान की चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन अगले 2-3 दिनों के दौरान तेज़ हवाओं और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। इस बीच तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है और यह सामान्य से थोड़ा ऊपर चल रहा है। पटियाला में सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया, जहां पारा 34 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया।

इन ज़िलों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के करीब एक दर्जन ज़िलों में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इनमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, कपूरथला, जालंधर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और तरनतारन शामिल हैं। वहीं, चंडीगढ़ में पूरे दिन बादल छाए रहने की संभावना है।

ये भी पढ़ें : 

मार्च में कम हुई बारिश

इस साल मार्च महीने में पंजाब में सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई। आंकड़ों के अनुसार, राज्य में औसतन बारिश अपेक्षा से लगभग 25 प्रतिशत कम रही। कुछ इलाकों जैसे रूपनगर और पठानकोट में अपेक्षाकृत अधिक बारिश हुई, जबकि मुक्तसर, बठिंडा और फाज़िल्का में भारी कमी देखने को मिली।

मौसम में बदलाव की वजह

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव आया है। इसके अलावा राजस्थान क्षेत्र में बने कम दबाव के क्षेत्र और ऊपरी हवा में तेज़ हवाओं (जेट स्ट्रीम) का भी असर पड़ रहा है। 2 अप्रैल से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे मौसम फिर बदल सकता है।

6 अप्रैल तक जारी रह सकता है असर

मौसम विभाग का अनुमान है कि 6 अप्रैल तक बीच-बीच में बारिश होती रह सकती है। 3 और 4 अप्रैल को कई हिस्सों में बारिश की संभावना है, जबकि 1, 5 और 6 अप्रैल को कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। आने वाले दिनों में दिन के तापमान में 3-4 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन उसके बाद फिर से गिरावट दर्ज होने की संभावना है। कुल मिलाकर, पंजाब में अगले कुछ दिन मौसम का मिजाज बदला हुआ ही रहने वाला है।

ये भी पढ़ें : 

Exit mobile version