Punjab Weather Update 14 April: पंजाब में इन दिनों मौसम तेजी से करवट ले रहा है। जहां एक ओर तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है और आने वाले समय में गर्मी तेज होने के संकेत हैं, वहीं दूसरी ओर प्री-मानसून गतिविधियों ने मौसम को अस्थिर बना दिया है। दिन के समय पहाड़ी इलाकों से चलने वाली तेज हवाएं अभी भी प्रभाव डाल रही हैं।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने ताज़ा पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि 14 से 17 अप्रैल के बीच पंजाब और हरियाणा सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है। इस दौरान तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है।
उत्तर भारत के कई राज्य प्रभावित
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तर प्रदेश में अगले चार दिनों तक बादल छाए रहने और बारिश होने के आसार हैं। कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधियां भी चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
ये भी पढ़ें:
दक्षिण और पूर्वोत्तर में भी असर
यह मौसम बदलाव केवल उत्तर भारत तक सीमित नहीं है। केरल और कर्नाटक में भी इसी अवधि के दौरान भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर के राज्यों जैसे असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है।
गर्मी से मिलेगी राहत
विशेषज्ञों का मानना है कि इस बदलाव से लोगों को बढ़ती गर्मी से कुछ राहत जरूर मिलेगी। हालांकि, बिजली चमकने और तेज हवाओं के दौरान सतर्क रहने की जरूरत है। प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान घरों में ही रहें और खुले स्थानों से बचें।

