Punjab Weather Update 23 August : पंजाब में मानसून अब थोड़ा कमजोर हो गया है। इसके बावजूद आज, 23 अगस्त को पंजाब के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने सभी जिलों में बारिश की संभावना जताई है। चंडीगढ़ में भी बादल छाए रहने और बारिश के साथ गरज-चमक होने के आसार हैं। फिलहाल किसी जिले के लिए कोई खास अलर्ट जारी नहीं किया गया है। अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही रहने की उम्मीद है। बारिश कम होने के कारण तापमान में करीब एक डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। बठिंडा में सबसे ज्यादा 37 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
इन जिलों में हो सकती है बारिश
पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, मोहाली, फिरोजपुर, संगरूर, गुरदासपुर, अमृतसर और नवांशहर में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा में भी बारिश के आसार हैं।
पिछले दिन कम हुई बारिश
22 अगस्त को बारिश का अनुमान लगाया गया था, लेकिन पंजाब के ज्यादातर हिस्सों में ज्यादा बारिश नहीं हुई। चंडीगढ़ में 0.8 मिमी, लुधियाना में 0.5 मिमी, पठानकोट में 0.5 मिमी और पटियाला में 2 मिमी बारिश दर्ज की गई। मोहाली और खरड़ में भी बारिश के बाद कुछ जगहों पर पानी भर गया। मोहाली के जयंती माजरी में पशुओं से भरी ट्रॉली पानी में फंस गई। वहीं खरड़ मंडी में भी पानी जमा हो गया।
पंजाब में 28 फीसदी कम बारिश
इस मानसून सीजन में पंजाब में अब तक सामान्य से करीब 28 फीसदी कम बारिश हुई है। बारिश कम होने के कारण तापमान में भी थोड़ी बढ़ोतरी हुई है। फिलहाल राज्य में भारी बारिश का कोई बड़ा अलर्ट नहीं है, लेकिन कई जिलों में बादल, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है।

