Punjab Weather Update : पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर अब पंजाब के मैदानी क्षेत्रों में भी साफ़ दिखने लगा है। बता दें कि मौसम विभाग ने आज और कल के लिए राज्य के 16 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और एसएएस नगर (मोहाली) में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
कोहरे का अलर्ट जिन जिलों में लागू किया गया है, उनमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा और संगरूर शामिल हैं। मौसम में आए इस बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में लगभग 9 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 4 डिग्री कम है।
बीते 24 घंटों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान 11 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 8 से 14 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया। सबसे ठंडा जिला गुरदासपुर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
बता दें कि शुक्रवार को पंजाब में बारिश और तेज़ आंधी-तूफान ने नुकसान भी पहुंचाया। मोहाली में रात के समय बारिश के बाद कई इलाकों में 24 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है।
26 जनवरी के बाद फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी इस समय जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश तक पहुंच रही है। इसी वजह से बारिश और तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। 26 जनवरी के बाद मौसम में एक बार फिर बदलाव आने की संभावना है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...