Punjab Weather Update 24 May: पंजाब इस समय भीषण गर्मी की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक लू चलने की चेतावनी जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। शनिवार से ही तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और आने वाले दिनों में हालात और कठिन हो सकते हैं। राज्य के कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जबकि बठिंडा सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अगले 3 दिन रहेगा गर्मी का प्रकोप
मौसम विभाग के अनुसार 24 और 25 मई को आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन गर्म हवाओं का असर कम नहीं होगा। इन दिनों तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं 26 और 27 मई को मौसम पूरी तरह साफ रहेगा और तेज धूप के कारण तापमान 42 से 43 डिग्री तक पहुंच सकता है।
इसके बाद 28 और 29 मई को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। विभाग ने आंधी-तूफान और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
ये भी पढ़ें:
सरकार ने बदले स्कूल और दफ्तरों के समय
भीषण गर्मी को देखते हुए पंजाब सरकार ने स्कूलों और सरकारी दफ्तरों के समय में बदलाव करने का फैसला लिया है। अब सभी सरकारी कार्यालय और स्कूल सुबह 7:30 बजे खुलेंगे और दोपहर 1:30 बजे बंद होंगे। यह आदेश 25 मई से लागू किया जाएगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि लोगों, खासकर बच्चों को गर्मी से राहत देने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
चंडीगढ़ के स्कूलों में छुट्टियां घोषित
चंडीगढ़ प्रशासन ने भी गर्मी के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां घोषित कर दी हैं। शहर के सभी स्कूल 23 मई से 30 जून 2026 तक बंद रहेंगे। हालांकि शिक्षकों को 29 और 30 जून को स्कूल पहुंचना होगा।
इसके अलावा समर कैंप में बच्चों की बाहरी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। चंडीगढ़ बाल अधिकार संरक्षण आयोग (CCPCR) ने निर्देश दिए हैं कि बच्चों की सभी गतिविधियां केवल ठंडे और सुरक्षित वातावरण में ही करवाई जाएं।
ये भी पढ़ें:
स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए पंजाब और चंडीगढ़ के अस्पतालों में विशेष हीटवेव सेंटर बनाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, अधिक पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले कुछ दिन बेहद चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं, इसलिए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।

