Punjab Weather Update: पंजाब में सर्दी ने एक बार फिर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हो रही बर्फबारी के कारण मैदानी क्षेत्रों में बर्फीली हवाएं पहुंच रही हैं, जिससे शीतलहर और तेज हो गई है। मंगलवार को नवांशहर में इस सर्दी के मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया, जहां पारा शून्य डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 2.5 डिग्री सेल्सियस कम जबकि अधिकतम तापमान लगभग 6.3 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है। घने कोहरे और शीतलहर को देखते हुए आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि ठंड के बावजूद राज्य में आज स्कूल खुले रहेंगे।
इन जिलों में छाएगा घना से बहुत घना कोहरा
भारतीय मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बुधवार को गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा और लुधियाना में घना से बेहद घना कोहरा देखने को मिल सकता है। इन जिलों के साथ-साथ फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा और बठिंडा में शीतलहर की स्थिति बनने की आशंका है।
वहीं पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, एसएएस नगर (मोहाली) और मलेरकोटला में भी कई स्थानों पर घना कोहरा छाया रह सकता है। नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना और मानसा में ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जाएगा। फिलहाल मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
विजिबिलिटी बेहद कम, यातायात प्रभावित
मंगलवार को कोहरे का असर बेहद गंभीर रहा। अमृतसर में दृश्यता शून्य मीटर तक गिर गई, जबकि लुधियाना में केवल 20 मीटर, फरीदकोट में 50 मीटर और पटियाला में 40 मीटर विजिबिलिटी दर्ज की गई। बठिंडा में दृश्यता 500 मीटर रही। कई जिलों में कोल्ड डे की स्थिति भी देखी गई।
ये भी पढ़ें: मकर सक्रांति का दिन कन्या, मीन और कुंभ राशि वालों के लिए शुभ! जानें अन्य राशियों का हाल
18–19 जनवरी को बदल सकता है मौसम
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल के मुताबिक, अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी संभव है। 15 जनवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है।
ये भी पढ़ें: UP बिहार में घने कोहरे की मार, दिल्ली में तापमान 3 डिग्री पर पहुंचा, लोगो का हुआ बुरा हाल
हालांकि 16 और 17 जनवरी को पहाड़ी इलाकों में मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन 18 और 19 जनवरी को पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद मौसम साफ होने और धूप निकलने की उम्मीद जताई गई है।

