Site icon Dainik Savera Times

Punjab Weather Update: पंजाब में अगले 3 दिन घना कोहरा, IMD ने जारी की बारिश की चेतावनी

Punjab Weather Update

Punjab Weather Update

Punjab Weather Update: पंजाब में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। सोमवार से राज्य के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। राहत की बात यह है कि फिलहाल शीतलहर की कोई चेतावनी नहीं है और आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

तापमान में इजाफा, अमृतसर सबसे ठंडा

बीते 24 घंटों के दौरान पंजाब के न्यूनतम तापमान में औसतन 0.5 डिग्री और अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राज्य का औसत तापमान अब सामान्य से करीब 3.9 डिग्री अधिक बना हुआ है।

पटियाला में अधिकतम तापमान 23 डिग्री, जबकि चंडीगढ़ में 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, अमृतसर में न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने के साथ यह राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा।

6 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छा सकता है। अंबाला–अमृतसर रोड और दिल्ली हाईवे पर भी कई स्थानों पर धुंध और बादल छाए रहने की संभावना है। ऐसे में वाहन चालकों को खास सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

रविवार को अमृतसर, पटियाला, बठिंडा, लुधियाना, गुरदासपुर और फरीदकोट में धुंध के कारण दृश्यता कई इलाकों में 0 से 100 मीटर तक सिमट गई थी। हालांकि चंडीगढ़ में मौसम साफ बना हुआ है और शीतलहर से फिलहाल राहत मिली है।

पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम

फिलहाल दक्षिण पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पाकिस्तान की ओर बढ़ चुका है। यह सिस्टम समुद्र तल से करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है और ऊपरी वायुमंडल में इसका प्रभाव 5.8 किलोमीटर तक देखा जा रहा है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 19 और 21 जनवरी की रात को दो पश्चिमी विक्षोभ एक के बाद एक उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकते हैं, जिससे मौसम में बदलाव संभव है।

22–23 जनवरी को बारिश के आसार

मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल सिंह के अनुसार 22 और 23 जनवरी को पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है। इसके अलावा 24 जनवरी को भी एक-दो स्थानों पर वर्षा हो सकती है। आने वाले 4 से 5 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें: 7 राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी, यूपी-बिहार में कोहरे के साथ शीतलहर, जानिए अन्य राज्यों में कैसा रहेगा मौसम

अगले तीन दिनों का मौसम पूर्वानुमान

19 जनवरी: अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में कुछ स्थानों पर घना कोहरा, मौसम शुष्क रहेगा।

20 जनवरी: इन्हीं जिलों में दोबारा घना कोहरा पड़ने की संभावना, मौसम सूखा रहेगा।

21 जनवरी: कोई चेतावनी जारी नहीं, मौसम सामान्य और शुष्क रहने के आसार।

Exit mobile version