Site icon Dainik Savera Times

Punjab Weather: ठंड और घने कोहरे का कहर… IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट; जानें आज कैसा रहेगा मौसम

Dense Fog Alert In Punjab

Dense Fog Alert In Punjab

Punjab Weather Update : पंजाब में इन दिनों सर्दी अपने चरम पर है और घने कोहरे ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। शनिवार को राज्य के न्यूनतम तापमान में औसतन 2.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शहीद भगत सिंह नगर सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का कहर जारी

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों तक राज्य के कई इलाकों में बेहद घना कोहरा छाया रह सकता है। इसी को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि राहत की बात यह है कि आने वाले करीब एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।

ऑरेंज अलर्ट जारी

आज के मौसम की बात करें तो पठानकोट, गुरदासपुर, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में कुछ स्थानों पर अत्यधिक घना कोहरा देखने को मिल सकता है। अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर और लुधियाना में कोहरे के साथ शीतलहर चलने की आशंका है। वहीं फिरोजपुर, फरीदकोट और मोगा में भी घना कोहरा और ठंडी हवाएं परेशान कर सकती हैं। फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में भी कोहरे का असर रहने की संभावना है।

घने कोहरे का सीधा असर हवाई यातायात पर भी पड़ा…

घने कोहरे का सीधा असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है। अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कई उड़ानों में व्यवधान आया। चार फ्लाइट रद्द करनी पड़ीं, जबकि कुछ अन्य उड़ानों को डायवर्ट किया गया या वे देरी से पहुंचीं। मुंबई से अमृतसर आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट को जयपुर उतारना पड़ा, जबकि दुबई से आने वाली फ्लाइट को दिल्ली भेजा गया। इसके अलावा दिल्ली, श्रीनगर, बेंगलुरु और हैदराबाद से आने-जाने वाली कई उड़ानों में भी देरी हुई, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

उधर हिमाचल प्रदेश में भी मौसम शुष्क बना हुआ है। मैदानी और निचले क्षेत्रों में घने कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम हो गई है, जिससे यातायात की रफ्तार धीमी पड़ गई है। शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले दो से तीन दिनों तक बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है।

Exit mobile version