Punjab Weather Update 29 July : पंजाब में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और राज्य के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई है। विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
बारिश से गर्मी से मिली राहत
बता दें कि पिछले 24 घंटों के दौरान हुई अच्छी बारिश का असर तापमान पर भी देखने को मिला है। राज्य के अधिकतम तापमान में औसतन करीब 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। हालांकि बठिंडा सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इन इलाकों में हुई अच्छी बारिश
बीते एक दिन में पंजाब के कई क्षेत्रों में जोरदार बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा श्री आनंदपुर साहिब और पठानकोट के थीन डैम क्षेत्र में रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा मोहाली, लुधियाना, बठिंडा, भाखड़ा डैम, बल्लोवाल सौंखरी और अन्य स्थानों पर भी अच्छी बारिश हुई, जिससे कई इलाकों का मौसम सुहावना हो गया।
ये भी पढ़ें :
अगले पांच दिन भी बारिश के आसार
मौसम विभाग का अनुमान है कि 29 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद 30 जुलाई से 3 अगस्त तक अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है।
लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह
भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है। ऐसे में खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने तथा केवल आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।

