चंडीगढ़: पंजाब में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से धूप खिलने के कारण ठंड से राहत जरूर मिली थी, लेकिन अब मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले दो दिनों तक राज्य के कई इलाकों में तेज़ हवाओं के साथ बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
60 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही बिजली गिरने और कुछ जगहों पर ओले पड़ने की भी आशंका है। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
आदमपुर रहा सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है, हालांकि तापमान अभी भी सामान्य से अधिक बना हुआ है। पंजाब के मैदानी इलाकों में आदमपुर सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
इन जिलों में हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के अनुसार पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, जालंधर, कपूरथला, नवांशहर, लुधियाना, फिरोजपुर, मोगा, रूपनगर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मोहाली के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
कोहरे ने बढ़ाई परेशानी
बीते 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में घना कोहरा भी देखने को मिला। बठिंडा में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई, जबकि अमृतसर और लुधियाना में विजिबिलिटी मात्र 50 मीटर दर्ज की गई। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 5 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
ठंड का असर अब कम होगा
मौसम विभाग के निदेशक सुरिंदर पाल के अनुसार अब कड़ाके की ठंड लौटने की संभावना नहीं है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय हो चुका है, जिसका असर मैदानी इलाकों में बारिश के रूप में देखने को मिलेगा।
आगे कैसा रहेगा मौसम
22 जनवरी: कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश
23 जनवरी: राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश, गरज-चमक, तेज़ हवाएं और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि
24 और 26 जनवरी: सीमित क्षेत्रों में हल्की बारिश
27 जनवरी: कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना
अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
ये भी पढ़ें: हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी 22 जनवरी 2026
कोहरे का अलर्ट भी जारी
24 और 25 जनवरी को अमृतसर, कपूरथला, तरनतारन, फिरोजपुर, मोगा, फरीदकोट, फाजिल्का, मुक्तसर, मानसा, बरनाला और बठिंडा में घना कोहरा छाने की आशंका है। इन दिनों मौसम शुष्क रह सकता है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...