Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab Weather : पंजाब में सर्दी ने दी दस्तक, कई जिलों में गिरा पारा; जानें मौसम विभाग का अपडेट

October 31, 2026

Punjab Weather : पंजाब में सर्दी ने दी दस्तक, कई जिलों में गिरा पारा; जानें मौसम विभाग का अपडेट

Punjab Weather Update : पंजाब में नवंबर की शुरुआत शुष्क मौसम के साथ होने वाली है। बता दें कि मौसम विभाग के मुताबिक, 5 नवंबर तक राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान आसमान साफ रहने के साथ दिन में तेज धूप निकल सकती है। हालांकि, सुबह और शाम के वक्त ठंड का एहसास पहले से ज्यादा होगा। शुक्रवार यानि आज पंजाब के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। राज्य का औसत अधिकतम तापमान पिछले दिनों के मुकाबले 1.1 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया है। यह सामान्य से करीब 1.8 डिग्री कम दर्ज किया गया। रोपड़ में प्रदेश का सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

चंडीगढ़ में 30 डिग्री से ऊपर रहेगा दिन का तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, 5 नवंबर तक पंजाब में मौसम साफ बना रहेगा। वहीं रात के तापमान में मामूली कमी आने की संभावना है। बता दें कि चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं, दिन के समय पारा 30 से 31 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है। इसका मतलब है कि दोपहर में धूप के कारण गर्मी महसूस होगी, जबकि सुबह और शाम मौसम ठंडा रहेगा।

हिमाचल से लगते इलाकों में पारे में बड़ी गिरावट

पंजाब के हिमाचल प्रदेश से सटे इलाकों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। पिछले 24 घंटों के दौरान इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 1 से 4.4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आया है। इसके कारण खासकर सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ गई है। तापमान में सबसे ज्यादा कमी पठानकोट के थीन डैम क्षेत्र में दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान 4.4 डिग्री गिरकर 25.4 डिग्री सेल्सियस रह गया। होशियारपुर के सलेरन इलाके में भी पारे में 4.2 डिग्री की गिरावट आई और अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा पठानकोट के कृषि विज्ञान केंद्र में तापमान 3 डिग्री कम होकर 27.9 डिग्री सेल्सियस रहा। रूपनगर के भाखड़ा बांध क्षेत्र में भी अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री की कमी दर्ज की गई। यहां पारा गिरकर 28 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

दिन में धूप, रात में बढ़ेगी ठंड

बता दें कि पंजाब में अगले कुछ दिनों तक बारिश से राहत रहेगी। दिन में धूप निकलने के कारण मौसम सामान्य से गर्म महसूस हो सकता है, लेकिन रात के तापमान में संभावित गिरावट से ठंड का असर बढ़ेगा। खासकर हिमाचल सीमा से सटे जिलों में लोगों को सुबह और शाम गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस हो सकती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें