Punjab Weather Update : पंजाब में सर्दी ने एक बार फिर तीखा रुख अपना लिया है। मौसम विभाग ने रविवार के लिए कई जिलों में घने कोहरे और शीतलहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ठंडी हवाओं और कम दृश्यता के चलते जनजीवन प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है। वहीं गुरदासपुर, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में कोहरा घना से बहुत घना होने की संभावना है।
इसके अलावा अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला और जालंधर में शीतलहर के साथ घना कोहरा देखने को मिल सकता है। फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा और मानसा भी ठंड और कोहरे की चपेट में रहेंगे। चंडीगढ़ में भी पूरे दिन कोहरा छाए रहने का अनुमान है।
बठिंडा सबसे ठंडा, पारा 1 डिग्री से नीचे
पहााड़ी इलाकों में हाल ही में हुई बर्फबारी का असर अब मैदानी क्षेत्रों में साफ नजर आ रहा है। राज्य में बठिंडा सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी जरूर हुई है, लेकिन यह अब भी सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है। फरीदकोट में अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
तेज हवाओं से नहीं मिलेगी राहत
रविवार को भी कई जिलों में तेज हवाएं चलने की संभावना है, हालांकि इससे तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, जम्मू और उससे सटे पाकिस्तान क्षेत्र में बना पश्चिमी विक्षोभ अब ऊपरी वायुमंडल में चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है।
इसके साथ ही उत्तरी पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में भी निचले स्तर पर एक प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिससे ठंड और कोहरे की स्थिति बनी रहेगी।
ये भी पढ़ें: 5 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी, पहाड़ों में बर्फबारी से इन इलाकों में माइनस में पहुंचा तापमान
सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और रात के समय यात्रा करते वक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर वाहन चालकों को कम दृश्यता को ध्यान में रखते हुए धीमी गति से चलने और फॉग लाइट्स का इस्तेमाल करने की हिदायत दी गई है।

