Punjab Weather Update: पंजाब में होली के अवसर पर मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग के ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार 9 मार्च तक राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है। आईएमडी के अनुसार 4 और 5 मार्च को कई इलाकों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
चंडीगढ़ में आज आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने के आसार हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के औसत तापमान में लगभग 0.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक है। सबसे अधिक अधिकतम तापमान रूपनगर में 31.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं मोहाली में हवा की गति 41 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंची।
ये भी पढ़ें :
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का सीमित असर
आईएमडी चंडीगढ़ केंद्र के अनुसार, 6 मार्च से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो सकता है, लेकिन इसका सीधा प्रभाव पंजाब पर पड़ने की संभावना नहीं है। अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है, उसके बाद मौसम में बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।
ज़िलों में भी शुष्क मौसम
अमृतसर, लुधियाना, पटियाला और मोहाली सहित अन्य जिलों में भी मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया गया है।
ये भी पढ़ें :
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने तेज हवाओं के चलते धूलभरी परिस्थितियां बनने की आशंका जताई है। किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी गई है। वहीं आम नागरिकों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को बाहर निकलते समय सावधानी बरतने और चेहरे को ढककर रखने की हिदायत दी गई है।

