Site icon Dainik Savera Times

Weather Update : पंजाब ने बढ़ी ठंड! छह शहरों में AQI पहुंचा 200 के पार

Today's Weather

Today's Weather

Punjab Weather Update : पंजाब के मौसम में मामूली बदलाव के साथ ठंड ने दस्तक दे दी है। बता दें कि पिछले 24 घंटों में औसत तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ गई है। हालांकि, मौसम विभाग ने साफ किया है कि आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश के मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। दूसरी ओर, प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे हवा की गुणवत्ता चिंताजनक स्तर पर पहुंच गई है।

छह शहरों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) द्वारा जारी बुधवार शाम की रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब के आठ प्रमुख शहरों में से छह में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 200 के पार दर्ज किया गया है। यह स्तर ‘खराब’ श्रेणी में आता है, जो सांस की बीमारियों से ग्रसित लोगों के लिए खतरनाक है। बता दें कि लुधियाना, अमृतसर, पटियाला, मोहाली, जालंधर और फरीदकोट में प्रदूषण का स्तर 200 से ऊपर रहा। वहीं, बठिंडा में AQI 167 और रूपनगर में सबसे कम 59 दर्ज किया गया।

विशेषज्ञों के मुताबिक, राज्य में खेतों में पराली जलाने और कम हवा की गति के कारण प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसके अलावा, सर्दियों की शुरुआत में हवा भारी हो जाती है और प्रदूषक तत्व ऊपर नहीं उठ पाते, जिससे वायु गुणवत्ता और भी बिगड़ जाती है।

Video : एक और बड़ा हादसा टला, इंडिगो विमान में ईंधन लीक

सर्दियों में क्यों बढ़ जाता है प्रदूषण

सर्द मौसम में पृथ्वी की सतह रात के समय ठंडी हो जाती है, जिससे ऊपरी हवा की एक परत बन जाती है। यह परत नीचे की हवा को ऊपर उठने से रोकती है। इस कारण, धूल और धुआं जैसे प्रदूषक नीचे की हवा में फंस जाते हैं। यही कारण है कि सर्दियों में धुंध और स्मॉग की स्थिति पैदा होती है, जिससे सांस लेना मुश्किल हो जाता है।

बारिश से मिल सकती है राहत

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दिवाली के बाद अगर हल्की बारिश होती है तो वायु प्रदूषण में कमी आ सकती है। बारिश के दौरान वायुमंडल में मौजूद प्रदूषक जल के साथ घुलकर मिट्टी में मिल जाते हैं, जिससे हवा साफ हो जाती है। हालांकि, फिलहाल पंजाब में बारिश के कोई आसार नहीं हैं, इसलिए राज्यवासियों को प्रदूषण से राहत के लिए कुछ और दिन इंतजार करना पड़ सकता है।

Exit mobile version