Site icon Dainik Savera Times

Punjab Weather: पंजाब में बारिश का दौर जारी, चंडीगढ़ में छाए रहेंगे बादल, IMD ने किया यलो अलर्ट जारी

Punjab Weather Update 9 august

Punjab Weather Update 9 august

Punjab Weather Update : पंजाब में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज हो गई हैं। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने होशियारपुर, नवांशहर और रोपड़ में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, प्रदेश के कई अन्य इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

चंडीगढ़ में रविवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान शहर के कुछ हिस्सों में एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। लगातार बारिश के चलते शहर के तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है।

सामान्य से 3.4 डिग्री नीचे पहुंचा तापमान

बता दें कि पंजाब के कई इलाकों में हुई बारिश का असर अधिकतम तापमान पर देखने को मिला। राज्य के औसत अधिकतम तापमान में करीब 1.2 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। फिलहाल यह सामान्य से लगभग 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है। शनिवार को बठिंडा राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इन जिलों में हुई बारिश

8 अगस्त को सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच पंजाब के कई हिस्सों में बारिश रिकॉर्ड की गई। लुधियाना में सबसे अधिक 6 मिमी बारिश हुई। संगरूर में 4 मिमी, जबकि पटियाला और फरीदकोट में 3-3 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा अमृतसर में 0.8 मिमी तथा पठानकोट, फतेहगढ़ साहिब और फिरोजपुर में 1-1 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।

12 अगस्त तक बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून की बारिश लाने वाली ट्रफ लाइन अभी उत्तर भारत के ऊपर बनी हुई है। इसके चलते पंजाब के कई इलाकों में अगले 24 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। विभाग ने 9 से 12 अगस्त के बीच भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई है। इसके अलावा 14 अगस्त को भी कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है।

पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम

पंजाब में मौसम बदलने की एक वजह सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ भी है। इसके असर से कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ आंधी, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने जिन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है, वहां लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Exit mobile version