Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab Weather: पंजाब में ठंड का कहर, कई इलाकों में कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी

December 26, 2025

Punjab Weather: पंजाब में ठंड का कहर, कई इलाकों में कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी

चंडीगढ़: पंजाब में ठंड ने अब अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। बता दें कि मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक कड़ाके की सर्दी पड़ने की चेतावनी जारी करते हुए शीतलहर और घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। हालांकि इस दौरान बारिश की कोई खास संभावना नहीं है और मौसम शुष्क बना रहेगा।

राज्य में दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में औसतन 1.8 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है, जिससे तापमान सामान्य के आसपास पहुंच गया है। सबसे ठंडा जिला फरीदकोट रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

कोल्ड वेव और कोहरे का असर, उड़ानों पर भी पड़ा प्रभाव

आदमपुर में शीतलहर की स्थिति बनी रही, जबकि गुरदासपुर और पठानकोट में घना कोहरा देखने को मिला। कोहरे की वजह से दृश्यता बेहद कम हो गई, जिसका सीधा असर हवाई सेवाओं पर पड़ा। चंडीगढ़ एयरपोर्ट से संचालित होने वाली 6 उड़ानों को रद्द करना पड़ा।

आज इन जिलों में रहेगा घना से बहुत घना कोहरा

मौसम विभाग के अनुसार, पठानकोट, नवांशहर, मोगा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में आज कई स्थानों पर घना से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है। वहीं गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर और बठिंडा में मौसम साफ और शुष्क रहने की उम्मीद है।

विजिबिलिटी 50 मीटर तक गिरी

घने कोहरे के चलते पंजाब के कई इलाकों में दृश्यता 50 से 199 मीटर के बीच दर्ज की गई, जिससे सड़क और रेल यातायात पर भी असर पड़ा और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

आगे कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक 27 दिसंबर 2025 को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) सक्रिय हो सकता है, लेकिन इससे बारिश की संभावना कम है।
इसके बाद 30 और 31 दिसंबर को एक और पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना है, जिससे हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।

वहीं 1 जनवरी को पंजाब के कुछ हिस्सों जैसे पठानकोट, गुरदासपुर, रूपनगर, जालंधर, पटियाला, लुधियाना और मोहाली में हल्की बारिश हो सकती है, हालांकि मौसम में बदलाव संभव है।

अधिकतम तापमान में भी गिरावट

राज्य के अधिकतम तापमान में भी 1.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। सबसे अधिक तापमान फरीदकोट में 25.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री रहा।

ये भी पढ़ें: सुबह-सुबह इस राज्य में भूकंप के झटकों से कांपी धरती, दर्ज की गई इतनी तीव्रता 

अन्य जिलों में तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया:

अमृतसर: 19.7°C

लुधियाना: 21.2°C

पटियाला: 14.6°C

पठानकोट: 20.6°C

बठिंडा: 23.5°C

रूपनगर: 20.1°C

मानसा: 24.1°C

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें