Site icon Dainik Savera Times

Punjab Weather : पंजाब में सर्द हवाओं की एंट्री: अगले दो दिनों के लिए कोल्ड वेव का अलर्ट जारी

चंडीगढ़: पंजाब में इस समय सर्दी लगातार तेज़ हो रही है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानों पर साफ दिखाई दे रहा है। कई शहरों में सुबह और रात के तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। हालांकि मौसम विभाग ने आज और कल के लिए कोल्ड वेव अलर्ट जारी नहीं किया है, लेकिन 9 और 10 दिसंबर को दोबारा कोल्ड वेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इससे संकेत मिलता है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है।

सबसे ठंडे शहर: आदमपुर में तापमान सबसे नीचे

रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिली है, लेकिन कई जगहों पर न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य से कम रिकॉर्ड हो रहा है। आदमपुर 2.2°C और फरीदकोट 2.5°C के साथ राज्य के सबसे ठंडे शहर रहे। विशेष बात यह है कि आदमपुर का तापमान पूरे देश के मैदानी इलाकों में सबसे कम रेकॉर्ड किया गया।

रातें थोड़ी होंगी गर्म, फिर बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से मौसम में हल्का बदलाव जरूर दिखेगा, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है। कुछ क्षेत्रों में हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है। अगले 48 घंटों में रात का तापमान 2–3°C तक बढ़ सकता है, लेकिन उसके बाद तापमान 3–5°C तक घटने की पूरी संभावना है।

11 दिसंबर तक दिन में भी बढ़ेगी सर्दी

मौसम विभाग की ताज़ा जानकारी के मुताबिक, 11 दिसंबर तक:

उत्तरी और पूर्वी पंजाब में दिन का तापमान 20–22°C के बीच

राज्य के अन्य हिस्सों में 22–24°C के आसपास रहेगा

इस पूरे सप्ताह राज्य में दिन का तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है।

उत्तरी जिलों – गुरदासपुर, अमृतसर, पठानकोट, तरनतारन, होशियारपुर, रूपनगर, मोहाली, कपूरथला और दक्षिणी जिलों- बठिंडा, मानसा, फरीदकोट, बरनाला, फाजिल्का, मुक्तसर, संगरूर, मलेरकोटला में दिन की ठंड और ज्यादा महसूस होगी।

रात का तापमान कई शहरों में 4–6°C तक रहने का अनुमान है।

ये भी पढ़ें : जर्मनी में ट्रेन में बैठा भारतीय युवक और Maisie Williams की तस्वीर वायरल

चंडीगढ़ की हवा पंजाब से ज्यादा खराब

जहाँ पंजाब के कई हिस्सों में प्रदूषण मध्यम स्तर पर रहा, वहीं चंडीगढ़ की हवा और ज्यादा खराब दर्ज की गई।

सुबह 6 बजे प्रमुख शहरों में AQI इस प्रकार रहा: अमृतसर: 85, बठिंडा: 76, जालंधर: 130, खन्ना: 151, लुधियाना: 144, मंडी गोबिंदगढ़: 271 (बहुत खराब), पटियाला: 128.

चंडीगढ़ में प्रदूषण का स्तर और अधिक रिकॉर्ड किया गया:

सेक्टर 22: 214

सेक्टर 25: 184

सेक्टर 52: 172

Exit mobile version