Punjab Weather Update : पंजाब में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है और इसी के साथ मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। आतको बता दें कि मौसम विभाग ने राज्य के 13 जिलों के लिए घने कोहरे की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट घोषित किया है। इनमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, मोहाली, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर और लुधियाना शामिल हैं। विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक सुबह और देर शाम के समय कई इलाकों में विज़िबिलिटी काफी कम होने की आशंका है।
तापमान में लगातार गिरावट जारी
विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तरी हवा की सक्रियता और सर्द हवाओं के कारण तापमान में गिरावट जारी रह सकती है। कोहरे की मोटी परत सड़क और रेल यातायात को प्रभावित कर सकती है, इसलिए वाहन चालकों को धीमी गति से और सतर्क होकर चलने की सलाह दी गई है। कोहरे के कारण खासकर हाइवे और ग्रामीण सड़कों पर दृश्यता बेहद कम होने की संभावना जताई गई है।
राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। आदमपुर सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं फरीदकोट में पारा 4.9 डिग्री दर्ज किया गया। लुधियाना और पटियाला में भी तापमान सामान्य से नीचे चला गया है, जबकि दिन में अधिकतम तापमान हल्की गिरावट के साथ सामान्य के आसपास बना हुआ है।
अगले छह दिनों तक मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग का अनुमान है कि पंजाब में अगले छह दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा, यानी बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, रात और सुबह के समय ठंड का प्रभाव और अधिक बढ़ सकता है। लोगों से अपील की गई है कि वे सुबह के समय बाहर निकलते समय गर्म कपड़ों का उपयोग करें और यात्रा करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें।
यह सर्द मौसम किसानों के लिए भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है, इसलिए कृषि विभाग ने सलाह दी है कि किसान फसलों की सिंचाई और संरक्षण संबंधित कदमों में सावधानी बरतें।

