Site icon Dainik Savera Times

Punjab Weather: पंजाब में पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक से बदलेगा मौसम, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

छंदीगढ़: पंजाब में मानसूनी गतिविधियों को एक बार फिर से रफ्तार मिलती नजर आ रही है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि आज मौसम विभाग ने कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया है, लेकिन आने वाले दिनों में उत्तर और पूर्वी जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई जा रही है।

शनिवार को राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई, जिससे वातावरण में नमी बढ़ी और तापमान में मामूली इजाफा देखा गया। औसतन अधिकतम तापमान में 1.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई, लेकिन यह अब भी सामान्य से 1.7 डिग्री नीचे बना हुआ है। भाखड़ा बांध क्षेत्र (रूपनगर) में सबसे अधिक तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इन जिलों में हुई बारिश:

होशियारपुर में सबसे ज्यादा 41.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि रूपनगर में 13 मिमी, मोगा में 4 मिमी, लुधियाना में 0.4 मिमी और पटियाला में 0.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।

4 से 6 अगस्त तक का मौसम पूर्वानुमान:

अगले चार दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

उत्तर-पूर्वी पंजाब के जिलों: होशियारपुर, नवांशहर, गुरदासपुर, पठानकोट और रूपनगर में भारी बारिश की संभावना प्रबल है।

4 और 5 अगस्त को विशेषकर कुछ जिलों में मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।

राज्य के करीब 25% से अधिक क्षेत्रों में वर्षा की गतिविधियां होने की संभावना है।

वहीं, दक्षिण-पश्चिमी पंजाब के जिलों में मौसम शुष्क बना रह सकता है।

प्रमुख शहरों का आज का मौसम:

अमृतसर: हल्के बादल छाए रहेंगे, बारिश की संभावना। तापमान 26-33°C।

जालंधर: आसमान में आंशिक बादल, हल्की बारिश की उम्मीद। तापमान 26-29°C।

लुधियाना: बादल छाए रहेंगे, बूंदाबांदी की संभावना। तापमान 25-33°C।

पटियाला: बारिश की संभावना के साथ बादलों की मौजूदगी। तापमान 26-31°C।

मोहाली: बादल और बौछारें संभव। तापमान 27-31°C।

कृषि और दैनिक जीवन पर असर:

मौसम में आ रहे इस बदलाव का असर खेतीबाड़ी पर भी पड़ेगा। खासकर धान की फसल के लिए यह बारिश फायदेमंद साबित हो सकती है। हालांकि भारी बारिश की स्थिति में जलभराव और फसलों को नुकसान की भी आशंका है, ऐसे में किसानों और स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने की जरूरत है।

Exit mobile version